
चंदौली। अलीनगर थाना क्षेत्र के टड़िया-पटपरा मार्ग पर हुई मुंशी मनोज कुमार की हत्या का चंदौली पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा किया है। ब्याज के पैसे के लेन-देन और पुरानी रंजिश को लेकर खौफनाक साजिश रची गई थी। इस हत्याकांड का मास्टरमाइंड रेलवे का एक लोको पायलट निकला, जिसने डेढ़ लाख रुपये की सुपारी देकर बिहार के शूटरों से हत्या कराई थी।
मुंशी मनोज कुमार की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। मृतक के भाई अशोक कुमार खरवार की तहरीर पर अलीनगर थाने में मुकदमा दर्ज किया गया।
जांच के दौरान पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज, कॉल डिटेल रिकॉर्ड (CDR) और अन्य वैज्ञानिक साक्ष्यों को खंगाला। मृतक के पास मिली डायरी से पता चला कि वह लोगों को ब्याज पर पैसा उधार देता था। तकनीकी जांच में रेलवे के लोको पायलट कृष्ण भगवान सिंह का नाम सामने आया, जिसे हिरासत में लेकर पूछताछ की गई।
पूछताछ में कृष्ण भगवान सिंह ने स्वीकार किया कि उसने वर्ष 2020 में मनोज कुमार से तीन लाख रुपये उधार लिए थे, जो ब्याज सहित बढ़कर लगभग सात लाख रुपये हो गए थे। मनोज लगातार तकादा करता था। घर आने जाने के दौरान आरोपी की बहु पर गलत नजर डालता था। परेशान होकर उसने मनोज कुमार की हत्या की साजिश रची। बिहार के बक्सर निवासी भरत सिंह से संपर्क कर डेढ़ लाख रुपये में हत्या की सुपारी दी और शूटरों की व्यवस्था कराई।
योजना के तहत 6 जून को कृष्ण भगवान सिंह ने मनोज कुमार को रुपये लौटाने का झांसा देकर बुलाया और साइकिल से सुनसान इलाके की ओर ले गया। पीछे से मोटरसाइकिल पर चल रहे शूटर भरत सिंह और सूरज उर्फ राजेश ने पटपरा गांव के पास मनोज कुमार पर ताबड़तोड़ गोलियां बरसा दीं। सिर और सीने में गोली लगने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वारदात को अंजाम देने के बाद दोनों शूटर बिहार की ओर फरार हो गए।
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी कृष्ण भगवान सिंह और शूटर सूरज उर्फ राजेश को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार, बरामदगी के दौरान सूरज ने झाड़ियों में छिपाई गई पिस्टल निकालकर पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में उसके दोनों पैरों में गोली लगी, जिसके बाद उसे घायल अवस्था में दबोच लिया गया।
अभियुक्त के कब्जे से हत्या में प्रयुक्त .32 बोर की पिस्टल, दो खोखा कारतूस और दो जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं। मामले में आगे की विधिक कार्रवाई जारी है, जबकि फरार आरोपी भरत सिंह की तलाश में पुलिस की टीमें जुटी हुई हैं।
इस उल्लेखनीय सफलता पर अपर पुलिस महानिदेशक, वाराणसी जोन ने पुलिस टीम को 50 हजार रुपये नकद पुरस्कार देने की घोषणा की है।

