
चंदौली। चकिया थाना क्षेत्र के जोगिया कला गांव में हुए सनसनीखेज हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस जांच में सामने आया कि अवैध संबंधों और सार्वजनिक अपमान का बदला लेने के लिए हत्या की साजिश रची गई थी। आरोपी की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त लोहे की धारदार कुल्हाड़ी भी बरामद कर ली गई है। एसपी आकाश पटेल ने आरोपी को मीडिया के समक्ष प्रस्तुत किया।
जोगिया कला निवासी बेचई उर्फ बृजेश यादव (34) अपने घर के बाहर चारपाई पर सो रहे थे। इसी दौरान अज्ञात हमलावर ने उनकी गर्दन पर धारदार हथियार से हमला कर निर्मम हत्या कर दी। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई।
जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि मृतक की पत्नी का गांव के ही सुनील यादव उर्फ कवि के साथ पिछले चार-पांच वर्षों से प्रेम प्रसंग चल रहा था। इस संबंध को लेकर पति-पत्नी के बीच अक्सर विवाद होता था। घटना से कुछ दिन पहले हुए विवाद के बाद मृतक की पत्नी अपने बच्चों के साथ मायके चली गई थी। इसके बाद बेचई यादव ने गांव में सार्वजनिक रूप से आरोपी और उसके अवैध संबंधों की चर्चा शुरू कर दी थी।
पुलिस के अनुसार, आगामी प्रधानी चुनाव की तैयारी कर रहे सुनील यादव ने इसे अपनी सामाजिक प्रतिष्ठा पर आघात माना और बदला लेने की ठान ली। योजना के तहत उसने 5 जून को अहरौरा से एक लोहे की कुल्हाड़ी खरीदी। रात में वह चोरी-छिपे मृतक के घर पहुंचा और चारपाई पर सो रहे बेचई यादव की गर्दन पर कुल्हाड़ी से वार कर हत्या कर दी। शोर न मचे, इसके लिए उसने मृतक के मुंह में गमछे का टुकड़ा भी ठूंस दिया। वारदात के बाद आरोपी ने कुल्हाड़ी अपने खेत में गाड़ दी और वापस जाकर सो गया।
मुखबिर की सूचना पर 7 जून की शाम चकिया पुलिस ने मोकरम बंधी के पास घेराबंदी कर आरोपी सुनील यादव उर्फ कवि को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में उसने हत्या का जुर्म कबूल कर लिया। उसकी निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त लोहे की धारदार कुल्हाड़ी भी बरामद कर ली गई। पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल ने पुलिस टीम को 25 हजार रुपये नकद पुरस्कार देने की घोषणा की है।
अनावरण करने वाली पुलिस टीम
थानाध्यक्ष अर्जुन सिंह, थाना चकिया
उप निरीक्षक अनिल कुमार पांडेय, चौकी प्रभारी सैदूपुर
उप निरीक्षक अमित कुमार मिश्रा, चौकी प्रभारी शिकारगंज
उप निरीक्षक गोविंद सिंह
उप निरीक्षक सुनील कुमार, चौकी प्रभारी कस्बा
हेड कांस्टेबल अनुज कुमार यादव
कांस्टेबल श्रीराम
कांस्टेबल राकेश कुमार यादव

