ख़बरेंचंदौली

Airforce airshow : एयर शो के पहले दिन गंगा के ऊपर गरजे राफेल-सुखोई, तिरंगे के रंग में रंगा आसमान, ‘विंग्स ओवर गंगेज’ से रोमांचित हुए दर्शक, अलर्ट रहा प्रशासन

चंदौली। वाराणसी में गुरुवार को गंगा के ऊपर आसमान में भारतीय वायुसेना के शौर्य और पराक्रम का अद्भुत नजारा देखने को मिला। ‘विंग्स ओवर गंगेज’ थीम पर आयोजित एयर शो में राफेल, सुखोई और मिराज जैसे लड़ाकू विमानों की गर्जना से पूरा वातावरण गूंज उठा। वहीं, एमआई-17, चिनूक और सारंग हेलिकॉप्टरों ने अपने कौशल का प्रदर्शन कर दर्शकों को रोमांचित कर दिया। विमानों और हेलिकॉप्टरों के करतब के बीच आसमान तिरंगे के रंगों से सराबोर नजर आया।

एयर शो को देखने के लिए सुबह से ही गंगा किनारे स्थित घाटों पर लोगों की भीड़ जुटने लगी थी। जैसे-जैसे कार्यक्रम का समय नजदीक आया, दर्शकों का उत्साह बढ़ता गया। सुबह करीब 11:40 बजे एयर शो शुरू हुआ, जो दोपहर दो बजे तक चला। गंगा के ऊपर से गुजरते लड़ाकू विमानों की तेज गर्जना और आसमान में हैरतअंगेज करतब देखकर दर्शक रोमांचित हो उठे। कई लोग मोबाइल फोन में इस ऐतिहासिक नजारे को कैद करते नजर आए।

एयर शो के मद्देनजर वाराणसी और चंदौली में पुलिस-प्रशासन अलर्ट रहा। सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए संबंधित क्षेत्रों में निगरानी की गई। घाटों पर उमड़ी भीड़ के बीच प्रशासनिक सतर्कता बनी रही। गंगा की लहरों, ऐतिहासिक घाटों और आसमान में भारतीय वायुसेना के दमदार प्रदर्शन ने काशी के इस आयोजन को यादगार बना दिया।

Back to top button
error: Content is protected !!