
डीडीयू नगर। जीटीआर रेलवे ब्रिज पर क्षतिग्रस्त पटिया और अंधेरे के चलते गुरुवार शाम बड़ा हादसा हो गया। ड्यूटी पर जा रहे डिप्टी एसएस संतोष कुमार पांडेय पुल से नीचे रेलवे ट्रैक पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद रेलकर्मियों में अफरा-तफरी मच गई।
जानकारी के अनुसार, संतोष कुमार पांडेय इंडियन इंस्टीट्यूट स्थित आवास से आरआरआई डीडीयू में ड्यूटी करने पैदल जा रहे थे। इसी दौरान पुल पर क्षतिग्रस्त होकर हट चुकी पटिया अंधेरे में उन्हें दिखाई नहीं दी। नतीजतन उनका संतुलन बिगड़ा और वह सीधे नीचे रेलवे लाइन पर जा गिरे। हादसे में उनके सिर, छाती और कमर में गंभीर चोटें आईं।
घटना की जानकारी मिलते ही रेलकर्मी मौके पर पहुंचे और उन्हें अचेत अवस्था में उठाकर मंडल रेल अस्पताल पहुंचाया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर देखते हुए चिकित्सकों ने उन्हें बेहतर इलाज के लिए हेरिटेज अस्पताल रेफर कर दिया।

