ख़बरेंचंदौली

Chandauli News : बिल्डिंग मटेरियल व्यवसायी का ट्रैक्टर चोरी, सीसीटीवी खंगाल रही पुलिस

चंदौली। अलीनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत वार्ड नंबर 9 में बीती रात चोरों ने दुस्साहसिक वारदात को अंजाम देते हुए एक बिल्डिंग मटेरियल की दुकान के सामने खड़ा ट्रैक्टर चोरी कर लिया। सूचना के बाद पुलिस सीसीटीवी कैमरे खंगाल रही है। चोरी की इस घटना से स्थानीय व्यापारियों और क्षेत्रवासियों में चिंता का माहौल है।

 

प्रकाश इंटरप्राइजेज के संचालक ओम प्रकाश गुप्ता का ट्रैक्टर उनके घर और दुकान के सामने खड़ा था। रोज की तरह वाहन सुरक्षित समझकर वहीं खड़ा किया गया था। देर रात किसी समय चोर मौके का फायदा उठाकर ट्रैक्टर लेकर फरार हो गए। जब परिजन किसी काम से बाहर निकले तो ट्रैक्टर अपनी जगह से गायब मिला। पहले तो उन्हें लगा कि किसी परिचित ने कहीं हटा दिया होगा, लेकिन आसपास तलाश करने और पूछताछ करने के बाद भी जब कोई जानकारी नहीं मिली तो चोरी की पुष्टि हुई।

 

चोरी हुए ट्रैक्टर का नंबर UP 67 AH 0016 है। वाहन का रंग पीला है और वह पावरट्रैक कंपनी का बताया जा रहा है। ट्रैक्टर के साथ एक ट्रॉली भी लगी थी, जिस पर भगवा रंग से ‘जे.के. सुपर सीमेंट’ लिखा हुआ था। इस विशेष पहचान के आधार पर वाहन को तलाशने में मदद मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।

 

पीड़ित ओमप्रकाश गुप्ता ने मामले की लिखित शिकायत थाने में दर्ज कराई है और शीघ्र कार्रवाई की मांग की है। उनका कहना है कि ट्रैक्टर उनके व्यवसाय का प्रमुख साधन था, जिसकी चोरी से आर्थिक नुकसान हुआ है। थाना प्रभारी अनिल कुमार पांडे ने बताया कि तहरीर प्राप्त हो चुकी है और पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।

Back to top button
error: Content is protected !!