चंदौलीप्रशासन एवं पुलिस

आखिरकार संतोष सिंह को मिला सब्र का मीठा फल, एक साल से कर रहे थे इंतजार, मुगलसराय में क्राइम कंट्रोल बड़ी चुनौती

चंदौली। गाज तो गिरनी ही थी सो गिर गई। अपराध रोकने में पूरी तरह नाकाम मुगलसराय कोतवाली प्रभारी गगनराज सिंह को एसपी ने हटा दिया है। कमान सौंपी गई है संतोष सिंह को जो पिछले तकरीबन एक साल से लाइन में पड़े पड़े इसी मौके का इंतजार कर रहे थे। हालांकि संतोष सिंह अनुभवी इंस्पेक्टर हैं और जिले के तकरीबन हर बड़े थाने के प्रभारी रहे चुके हैं। क्राइम कंट्रोल उनके लिए बड़ी चुनौती होगी।

संतोष सिंह जिले के अलीनगर, चंदौली और सैयदराजा जैसे प्रमुख थानों में प्रभारी रह चुके हैं। चुनाव के दौरान उनका तबादला भदोही जनपद कर दिया गया था, वहां भी उन्होंने एक बड़े थाने की कमान संभाली। हालांकि चंदौली से जुड़ाव के चलते उन्होंने लगभग एक वर्ष पूर्व स्थानांतरण कराकर दोबारा जनपद में वापसी की और मुगलसराय कोतवाली प्रभारी पद के लिए प्रयास शुरू किया।

अंततः गगनराज सिंह की विफलताओं का लाभ संतोष सिंह को मिला और उन्हें मुगलसराय कोतवाली की कमान सौंप दी गई। अब अपराध नियंत्रण जैसी बड़ी चुनौती पर वे कितने खरे उतरते हैं, यह आने वाला समय ही तय करेगा।

Back to top button
error: Content is protected !!