ख़बरेंचंदौलीराज्य/जिला

बिहार में बदमाशों ने चंदौली एसपी ऑफिस में तैनात सिपाही को मारी गोली, अस्पताल में भर्ती

चंदौली।  चंदौली एसपी ऑफिस में तैनात सिपाही वेद प्रताप कुमार पर बिहार के नालंदा जिले में शनिवार को बदमाशों ने हमला कर गोली मार दी। गोली उनके पैर में लगी, जिससे उनकी जान बच गई। घटना के बाद से उनके परिवार में दहशत का माहौल है। चंदौली पुलिस ने भी खबर की पुष्टि कर दी है।

जानकारी के अनुसार बिहार निवासी वेद प्रताप चंदौली में एंटी भू माफिया सेल में तैनात हैं। छुट्टी पर घर गए थे। शुक्रवार शाम बिहार शरीफ से अपनी स्कॉर्पियो से गांव लौटते समय अस्थावां थाना क्षेत्र के शेरपुर गांव में बाइक हटाने को लेकर विवाद हुआ। युवकों ने उनकी गाड़ी पर ईंट-पत्थर बरसाकर क्षति पहुंचाई थी। शनिवार सुबह जिम जाते समय वही बदमाश घात लगाकर बैठे थे। उन्होंने पहले लाठी-डंडों से पिटाई की और फिर गोली मार दी। वारदात के बाद बाइक को भी तोड़ दिया।

घायल जवान वर्तमान में अस्पताल में भर्ती हैं और स्थिति स्थिर बताई जा रही है। अस्थावां थाना पुलिस ने आरोपियों की पहचान कर ली है और उनकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है।

Back to top button