
चंदौली। सकलडीहा कोतवाली क्षेत्र के नौरंगाबाद के समीप सोमवार शाम सकलडीहा-कमालपुर मार्ग पर दो बाइकों की आमने-सामने हुई टक्कर में 24 वर्षीय युवक की मौत हो गई। वहीं एक अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।
जानकारी के अनुसार कादिराबाद निवासी त्रिभुवन सिंह के बड़े पुत्र शुभम सिंह बलुआ क्षेत्र के सराय में रेस्टोरेंट चलाते थे। सोमवार शाम वह बाइक से अपनी बड़ी बहन को जनौली स्थित उनकी ससुराल छोड़ने जा रहे थे। इसी दौरान इनायतपुर गांव के सामने सामने से आ रही बाइक से उनकी जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि शुभम गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े। मौके पर जुटे राहगीरों ने उन्हें अस्पताल पहुंचाया, लेकिन चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।
हादसे में दूसरी बाइक पर सवार धानापुर निवासी अभिषेक पुत्र श्रीप्रताप भी गंभीर रूप से घायल हो गए। उनका उपचार कराया जा रहा है।
परिजनों के मुताबिक शुभम की शादी आगामी 24 नवंबर को पपौरा गांव में तय थी। घर में शादी की तैयारियां जोर-शोर से चल रही थीं और परिवार खुशियों के बीच विवाह की तैयारियों में जुटा था। लेकिन सड़क हादसे ने पलभर में परिवार की खुशियां मातम में बदल दीं। शुभम की मौत की खबर से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

