
चंदौली। अलीनगर थाना क्षेत्र के कुछमन गांव में गुरुवार को लोहे के शटर में करेंट उतरने से दुकानदार की मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में मातम छा गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।
कुछमन गांव निवासी 30 वर्षीय रिशु सिंह गांव में ही परचून की दुकान चलाते थे। रोज की तरह गुरुवार सुबह वह दुकान खोलने पहुंचे। बताया जा रहा है कि दुकान के अंदर बिजली का एक खुला तार था, जिससे शटर में करेंट उतर आया। करेंट लगने से वह गंभीर रूप से झुलस गए और मौके पर ही बेहोश होकर गिर पड़े।
घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोग पहुंच गए। परिजन आनन-फानन में उन्हें उपचार के लिए वाराणसी के एक निजी अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
युवक की मौत की खबर मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। मामले की जांच की जा रही है।

