
चंदौली। जनपद में संगठित गो-तस्करी नेटवर्क के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत सैयदराजा पुलिस और संयुक्त टीम को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने 25 हजार रुपये के इनामी वांछित अभियुक्त अखिलेश कुमार को बिहार के रोहतास जिले से गिरफ्तार किया है। जांच के दौरान अभियुक्त के बैंक खातों से गो-तस्करी से जुड़े करीब 2.5 करोड़ रुपये के संदिग्ध वित्तीय लेन-देन का खुलासा हुआ है। पुलिस का दावा है कि आरोपी संगठित अंतरराज्यीय गो-तस्करी गिरोह को आर्थिक सहायता पहुंचाने में शामिल था।
पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में गठित संयुक्त टीम ने सोमवार को बिहार के रोहतास जनपद के चेनारी थाना क्षेत्र स्थित खुरमाबाद गांव में आरोपी की मोबाइल एवं हार्डवेयर दुकान पर दबिश देकर उसे गिरफ्तार किया। गिरफ्तार अभियुक्त अखिलेश कुमार (27) पुत्र सुभाष सिंह पर थाना सैयदराजा में दर्ज मुकदमा संख्या 308/2025 के तहत 25 हजार रुपये का इनाम घोषित था। उसके खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 109, 111(2) एवं 111(3) के तहत कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस के अनुसार, 9 अक्टूबर 2025 को दर्ज मुकदमे की विवेचना में 31 सदस्यों वाले एक संगठित गो-तस्करी गिरोह का खुलासा हुआ था। जांच में सामने आया कि गिरोह के सदस्यों के बीच करीब 187 करोड़ रुपये का वित्तीय लेन-देन हुआ है। विवेचना के दौरान अखिलेश कुमार की भूमिका भी प्रकाश में आई। जांच में पाया गया कि उसके बैंक खाते से कुल 4.77 करोड़ रुपये विभिन्न खातों में स्थानांतरित किए गए, लेकिन इस धनराशि के संबंध में कोई वैध दस्तावेज या व्यवसायिक आधार प्रस्तुत नहीं किया जा सका।
पुलिस का कहना है कि बैंक खातों के विश्लेषण में मोहम्मद अफजल, शेख सुल्तान, सोनू कुरैशी, पवन कुमार, अफजल सहित अन्य लोगों को लगभग 2.5 करोड़ रुपये का लेन-देन गो-तस्करी नेटवर्क से संबंधित पाया गया। पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि वह अपने बैंक खाते के माध्यम से संबंधित व्यक्तियों को धनराशि भेजकर गो-तस्करी से जुड़े कार्यों में आर्थिक सहयोग करता था। फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच कर रही है।

