ख़बरेंचंदौली

Chandauli News : नहर में मिला मैकेनिक का शव, परिजनों ने लगाया हत्या का आरोप, छानबीन में जुटी पुलिस

चंदौली। बलुआ थाना क्षेत्र के बेलवानी गांव के समीप नहर में मैकेनिक का शव मिलने से सनसनी फैल गई। सूचना के बाद पहुंची पुलिस ने गोताखोरों की मदद से शव को बाहर निकलवाया। परिजनों ने हत्या कर शव नहर में फेंके जाने का आरोप लगाया। पुलिस शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने के साथ ही घटना की छानबीन में जुटी रही।

 

थाना क्षेत्र के हृदयपुर गांव निवासी पंकज कुमार (32 वर्ष) बाइक मैकेनिक था। वह गुरुवार को अपने दो दोस्तों के साथ बाइक से कहीं गया था। गुरुवार रात उसकी बाइक लावारिस हालत में बेलवानी नहर के पास भूपौली बाया शहीदगांव मार्ग पर मिली। ग्रामीणों और परिजनों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने रात में काफी तलाश की। वहीं ग्रामीणों ने नहर व उसके आसपास काफी खोजबीन की, लेकिन मैकेनिक का पता नहीं चला। शुक्रवार की सुबह बलुआ एसओ अशोक कुमार मिश्रा ने सिंचाई विभाग के अधिकारियों संग संपर्क कर नहर बंद करवाई। वहीं गोताखोरों को बुलाकर नहर में खोजबीन शुरू कराई। जहां मैकेनिक की बाइक मिली थी, उसके पास ही नहर में उसका शव मिला।

 

लोगों की मानें तो मैकेनिक के साथ गए उसके दोस्त रात में ही घर चले गए। परिजन हत्या का आरोप लगा रहे हैं। मृतक की मां केवला देवी कंपोजिट विद्यालय हृदयपुर में रसोइयां है। घटना के बाद मां, पत्नी निर्जला देवी, छोटे भाई अंगद और शनि का रो-रोकर बुरा हाल रहा। सीओ सकलडीहा रघुराज ने बताया कि परिजनों ने पुलिस को सूचना दी थी। लापता युवक का पता लगाया जा रहा था। बेलवानी गांव के पास नहर में शव मिला है। उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Back to top button
error: Content is protected !!