ख़बरेंचंदौली

Chandauli News: डीएम-सीडीओ ने परिषदीय विद्यालयों का किया औचक निरीक्षण, एमडीएम चखकर परखी गुणवत्ता, बच्चों से किताब पढ़वाकर शैक्षणिक गुणवत्ता का जाना हाल

चंदौली। जिलाधिकारी चंद्रमोहन गर्ग और मुख्य विकास अधिकारी आर. जगत साई ने बुधवार को जिले के परिषदीय विद्यालयों और गेस्ट हाउस का संयुक्त रूप से निरीक्षण किया। इस दौरान अधिकारियों ने विद्यालयों में शिक्षा की गुणवत्ता, बच्चों के शैक्षणिक स्तर, मध्याह्न भोजन और बुनियादी व्यवस्थाओं का जायजा लिया। कंपोजिट विद्यालय खगवल में डीएम और सीडीओ ने स्वयं मध्याह्न भोजन चखकर उसकी गुणवत्ता पर संतुष्टि जताई। बच्चों से अंग्रेजी की किताब पढ़वाकर और सवाल पूछकर शैक्षणिक गुणवत्ता का हाल जाना।

 

बच्चों का शैक्षणिक स्तर परखा

निरीक्षण के पहले चरण में अधिकारियों ने प्राथमिक विद्यालय बसारिकपुर का जायजा लिया। यहां कक्षाओं में पहुंचकर बच्चों के शैक्षणिक स्तर और पढ़ाई की गुणवत्ता की जांच की। विद्यालय परिसर में संचालित को-लोकेटेड आंगनबाड़ी केंद्र का भी निरीक्षण किया गया। विभागीय योजनाओं और गतिविधियों के संचालन की जानकारी लेते हुए अधिकारियों ने व्यवस्थाओं का अवलोकन किया।

 

इसके बाद डीएम और सीडीओ कंपोजिट विद्यालय खगवल पहुंचे। जिलाधिकारी ने कक्षाओं में जाकर विद्यार्थियों से संवाद किया और उनके शैक्षणिक ज्ञान को परखा। कक्षा छह के विद्यार्थियों से अंग्रेजी की किताब पढ़वाई और विभिन्न शब्दों के अर्थ पूछे। उन्होंने बच्चों की पढ़ाई और शिक्षण व्यवस्था का जायजा लेते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

 

डीएम-सीडीओ ने चखा मध्याह्न भोजन

कंपोजिट विद्यालय खगवल में जिलाधिकारी और मुख्य विकास अधिकारी ने स्वयं मध्याह्न भोजन चखकर उसकी गुणवत्ता, स्वाद और स्वच्छता की जांच की। भोजन मानक के अनुरूप मिलने पर अधिकारियों ने संतोष व्यक्त किया। इसके बाद विद्यालय की अन्य कक्षाओं और परिसर का निरीक्षण कर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।

 

गेस्ट हाउस के भवन में सुधार के निर्देश

विद्यालयों के निरीक्षण के बाद अधिकारियों ने गेस्ट हाउस बर्थरा खुर्द का जायजा लिया। यहां नवनिर्मित भवन का अवलोकन कर व्यवस्थाओं की जानकारी ली। जिलाधिकारी ने भवन में आवश्यक सुधार कार्य जल्द पूरा कराने के बाद संबंधित विभाग को हैंडओवर करने का निर्देश दिया।

निरीक्षण के दौरान जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी, खंड शिक्षा अधिकारी सकलडीहा सहित संबंधित विभागों के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।

 

Back to top button
error: Content is protected !!