सीएम ने चंदौली को दी 316 परियोजनाओं की सौगात, ऐसे रुकेगी गंगा कटान

चंदौली। सूबे के मुखिया योगी आदित्यनाथ ने एक बार फिर अतिपिछड़े जनपदों में शुमार चंदौली जिले की फिक्र की है। बुधवार को वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिए एनआइसी में अधिकारियों से रूबरू हुए और जिले को 316 विकास परियोजनाओं की सौगत दे दी। इससे सिंचाई संसाधन दुरुस्त होंगे साथ ही गंगा कटान भी रुकेगी। कटान रोकने को धानापुर के गुरैनी पंप कैनाल के पास टेक्सटाइल ट्यूब कटर लगाया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने 146 परियोजनाओं का लोकार्पण व 170 परियोजनाओं का लखनऊ से ही आनलाइन शिलान्यास किया। परियोजनाओं की लागत तीन करोड़ 75 लाख 11 हजार रुपये है। अधिकारियों से कहा कि निर्माण कार्यों की गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखा जाए। वहीं परियोजनाएं तय समय सीमा के अंदर पूरी कराई जाएं। अनियमितता मिलने पर संबंधित अधिकारी के खिलाफ कार्रवाई तय है। मुगलसराय और सकलडीहा तहसील क्षेत्र के करीब दो दर्जन गांव गंगा कटान की चपेट में आ जाते हैं। जुलाई व अगस्त माह में उफान के बाद गंगा का जलस्तर जैसे-जैसे घटता है आसपास के सिवान व खेत भी जलधारा में समाहित होते चले जाते हैं। इससे अन्नदाता सर्वाधिक प्रभावित होते हैं। खुद के लिए रोजी रोटी के साथ वहीं पशुओं के लिए चारा का संकट भी पैदा हो जाता है। ऐसे समय में में सीएम ने जिले को सौगात दी। जिलाधिकारी ने कहा, परियोजनाओं का निर्माण पारदर्शितापूर्ण ढंग से संपन्न कराया जाएगा। इस दौरान सैयदराजा विधायक सुशील सिंह, एसपी अमित कुमार, अधीक्षण अभियंता सिंचाई केशरी सिंह, किसान दीनानाथ श्रीवास्तव आदि मौजूद रहे।