
चंदौली। पीडीडीयू नगर क्षेत्र के एक सरकारी विद्यालय में शुक्रवार को बच्चों को परोसे गए मिड-डे मील में कीड़ा मिलने से हड़कंप मच गया। मामला सामने आते ही शिक्षा विभाग ने इसे गंभीरता से लेते हुए तत्काल जांच के आदेश दिए हैं। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी सचिन कुमार ने स्पष्ट किया है कि जांच में जो भी पक्ष या संस्था दोषी पाई जाएगी, उसके खिलाफ तत्काल प्रभाव से आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
शुक्रवार को एनजीओ ‘महिला एवं विकास संस्थान, मोदीनगर (गाजियाबाद)’ की ओर से पीडीडीयू नगर क्षेत्र के 13 सरकारी विद्यालयों में नियमित रूप से मिड-डे मील का वितरण किया गया। इसी क्रम में कंपोजिट विद्यालय पूर्वी बाजार, पीडीडीयू नगर में बच्चों को भोजन परोसा जा रहा था। इसी दौरान एक बच्चे की थाली में भोजन के बीच कीड़ा दिखाई दिया। इसके बाद विद्यालय स्तर पर मामले की जानकारी संबंधित अधिकारियों को दी गई।
घटना की जानकारी मिलते ही जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी सचिन कुमार ने तत्काल संज्ञान लिया और प्रशासनिक जांच शुरू कराने के निर्देश दिए। बीएसए ने कहा कि बच्चों के भोजन की गुणवत्ता और उनकी सुरक्षा से किसी भी स्तर पर समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को मामले की गंभीरता से जांच कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं।
शिक्षा विभाग अब यह पता लगाने में जुटा है कि भोजन तैयार करने, पैकिंग, परिवहन और विद्यालय तक पहुंचाने के दौरान किस स्तर पर लापरवाही हुई। जांच के निष्कर्ष के आधार पर जिम्मेदारी तय की जाएगी। बीएसए ने स्पष्ट किया कि दोषी पाए जाने वाले व्यक्ति, संस्था या संबंधित पक्ष के खिलाफ नियमानुसार तत्काल कार्रवाई की जाएगी।

