ख़बरेंचंदौली

Chandauli News: सोशल मीडिया पर एक साथ दे डाली यूपी और बिहार सीएम को धमकी, किया आपत्तिजनक पोस्ट, 24 घंटे के अंदर पहुंचा सलाखों के पीछे

चंदौली। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर उत्तर प्रदेश और बिहार के मुख्यमंत्रियों के खिलाफ कथित तौर पर अभद्र टिप्पणी, गाली-गलौज और धमकी देने के मामले में कंदवा पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज होने के 24 घंटे के भीतर यह कार्रवाई की गई।

 

पुलिस के मुताबिक, उच्चाधिकारियों के निर्देश पर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म फेसबुक, इंस्टाग्राम और व्हाट्सऐप आदि पर आपत्तिजनक या असामाजिक सामग्री प्रसारित करने वालों के खिलाफ निगरानी और कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में कंदवा थाना पुलिस को एक युवक द्वारा सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक टिप्पणी किए जाने की जानकारी मिली।

 

थानाध्यक्ष विनोद कुमार अंचल के नेतृत्व में पुलिस ने मामले की जांच की। पुलिस के अनुसार, इस प्रकरण में नियाजुदीन (19) पुत्र जाकिर अली, निवासी ग्राम अरंगी, थाना कंदवा के खिलाफ थाना कंदवा में मुकदमा संख्या 60/2026 और 61/2026 दर्ज किया गया है। दोनों मामलों में बीएनएस की धारा 351(2)/352 और आईटी एक्ट की धारा 66 के तहत कार्रवाई की गई है।

 

पुलिस ने बताया कि शांति व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से आरोपी को 31 जुलाई 2026 को दोपहर करीब 12:25 बजे उसके घर से बीएनएसएस की धारा 170/126/135 के तहत गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। इस मामले में किसी प्रकार की बरामदगी नहीं हुई है। पुलिस टीम में थानाध्यक्ष विनोद कुमार अंचल, उपनिरीक्षक साहब, हेड कांस्टेबल भरत सिंह, कांस्टेबल आशीष कुमार और रिक्रूट कांस्टेबल अभिषेक यादव शामिल रहे।

 

Back to top button
error: Content is protected !!