
चंदौली। धानापुर थाना क्षेत्र के कुसम्ही गांव में बच्चेदानी के ऑपरेशन के बाद 28 वर्षीय महिला की मौत का मामला सामने आया है। महिला की मौत के बाद परिजनों में आक्रोशित हो गए। उन्होंने इलाज में चिकित्सकीय लापरवाही का आरोप लगाते हुए मामले की जांच और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
सुमन देवी, पत्नी दरोगा बिंद का बच्चेदानी का ऑपरेशन धानापुर ब्लॉक मुख्यालय के समीप स्थित इंद्रा चिकित्सालय में कराया गया था। ऑपरेशन के बाद अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई। हालत गंभीर होने पर परिजन उन्हें लेकर अस्पताल पहुंचे, लेकिन उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई।
महिला की मौत की जानकारी मिलते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई। उन्होंने इलाज में लापरवाही का आरोप लगाते हुए शव को धानापुर थाने पहुंचाया और पूरे मामले की जांच कराने की मांग की। परिजनों का कहना है कि ऑपरेशन के बाद महिला की हालत बिगड़ने के बावजूद समय रहते उचित उपचार नहीं मिल सका।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जानकारी ली। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। अधिकारियों के अनुसार, पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद ही महिला की मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि हो सकेगी। रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

