
चंदौली। मुगलसराय कोतवाली क्षेत्र के पथरा गांव में सोमवार को बारिश के कारण कच्चे मकान की मिट्टी की दीवार भरभराकर गिर गई। दीवार के मलबे में दबकर दो साल के मासूम की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे की जानकारी मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। घटना के बाद गांव में भी मातम का माहौल रहा।
मृतक की पहचान शेट्टी बनवासी (2) पुत्र शिवा बनवासी निवासी सिकंदरपुर, थाना चकिया के रूप में हुई है। बताया गया कि शेट्टी अपने परिजनों के साथ रिश्तेदारी में पथरा गांव आया था। वह अपने नाना चैटू बनवासी के घर ठहरा हुआ था।
परिजनों के अनुसार, लगातार बारिश के कारण मकान की मिट्टी की दीवार कमजोर हो गई थी। सोमवार को अचानक दीवार भरभराकर गिर पड़ी। हादसे के समय मासूम उसकी चपेट में आ गया और मलबे के नीचे दब गया। परिजनों और आसपास मौजूद लोगों ने उसे निकालने का प्रयास किया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लेने के बाद मासूम के शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी। हादसे की सूचना मृतक के घर सिकंदरपुर में पहुंची तो वहां भी परिजनों में चीख-पुकार मच गई। ग्रामीणों ने बताया कि बारिश के कारण क्षेत्र में कई कच्चे मकानों और उनकी दीवारों के कमजोर होने का खतरा बढ़ गया है। घटना के बाद ग्रामीणों ने प्रशासन से जर्जर और कच्चे मकानों का निरीक्षण कराने तथा बारिश के दौरान लोगों की सुरक्षा के लिए आवश्यक कदम उठाने की मांग की है।

