
चंदौली। मुगलसराय कोतवाली क्षेत्र के गल्लामंडी में दुकान के पास कूड़ा गिराने को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद के बाद मारपीट हो गई। घटना में तीन लोग घायल हो गए। दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर विवाद बढ़ाने और मारपीट करने का आरोप लगाया है। घायलों का पुलिस ने मेडिकल कराया है। मामले की जांच की जा रही है।
एक पक्ष के कृष्णकांत जायसवाल का आरोप है कि सफाईकर्मी दुकान के पास कूड़ा गिरा रहा था। उन्होंने उसे बगल में कचरा डालने के लिए कहा। सफाईकर्मी वहां कूड़ा डालकर चला गया। आरोप है कि इसके बाद दूसरे पक्ष के लोग विवाद करने लगे और मारपीट शुरू कर दी। कृष्णकांत का कहना है कि मारपीट के दौरान उनके सिर पर वार कर उन्हें घायल कर दिया गया।
वहीं, दूसरे पक्ष के दीपक जायसवाल ने आरोप लगाया कि पड़ोसी दुकानदार अपने यहां का कूड़ा उनके सामने गिरवा रहा था। उन्होंने इसका विरोध किया तो विवाद शुरू हो गया। दीपक का आरोप है कि इसके बाद पड़ोसी ने ईंट से उनके सिर पर वार कर दिया। उन्होंने कैंची से पेट में वार करने के प्रयास करने का भी आरोप लगाया। दीपक ने यह भी कहा कि पड़ोसी द्वारा उन्हें लगातार जान से मारने की धमकी दी जाती है। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों से जानकारी ली। दोनों पक्षों के घायलों का मेडिकल कराया गया है। पुलिस घटना की छानबीन कर रही है।

