ख़बरेंचंदौली

Chandauli News: सड़क हादसे में ग्राम प्रधान की मौत, गांव में पसरा मातम

चंदौली। बलुआ थाना क्षेत्र के मजीदहा गांव के ग्राम प्रधान राकेश यादव की जम्मू में सड़क दुर्घटना में मौत हो गई। हादसे की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया, वहीं गांव में शोक की लहर दौड़ गई। राकेश यादव वैष्णो देवी दर्शन के लिए जम्मू गए थे। दुर्घटना के बाद जम्मू पुलिस ने उनके पास मिले दस्तावेजों के आधार पर आवश्यक कार्रवाई शुरू की।

 

परिजनों के अनुसार राकेश यादव 22 जुलाई को वैष्णो देवी दर्शन के लिए जम्मू गए थे। दर्शन के बाद किसी जरूरी कार्य के चलते वह कुछ दिनों के लिए वहीं रुक गए थे। उनकी वापसी का टिकट 13 अगस्त का था। शनिवार को वह किराये की स्कूटी लेकर बाजार की ओर जा रहे थे। इसी दौरान पीछे से आए किसी अज्ञात वाहन ने उनकी स्कूटी में टक्कर मार दी। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गए और उनकी मौत हो गई।

 

घटना की सूचना मिलने के बाद जम्मू के गांधीनगर थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर उनके पास मिले कागजातों के आधार पर उनकी पहचान की और आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू की। हादसे के बाद परिजन जम्मू के लिए रवाना हो गए हैं। ग्रामीणों के मुताबिक राकेश यादव अक्सर जम्मू आते-जाते रहते थे। उनके अचानक निधन की खबर से मजीदहा गांव में मातम छा गया। ग्रामीणों ने बताया कि वह ग्राम प्रधान के रूप में गांव के लोगों के संपर्क में रहते थे और सामाजिक कार्यों में भी सक्रिय रहते थे।

 

राकेश यादव अपने पीछे पत्नी शिखा यादव, बेटी गुड़िया यादव और बेटे मंगल यादव को छोड़ गए हैं। बेटी की उम्र करीब 12 वर्ष और बेटे की उम्र करीब 10 वर्ष है। वह तीन भाइयों में सबसे बड़े थे। उनके छोटे भाइयों में अरविंद यादव रेलवे में नौकरी करते हैं, जबकि सबसे छोटे भाई मनोज यादव घर पर रहकर कंस्ट्रक्शन का व्यवसाय करते हैं।

 

राकेश की मौत की खबर मिलते ही पिता मनबोध यादव, माता रामरती देवी, पत्नी शिखा यादव, दोनों भाइयों सहित अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना की जानकारी मिलने के बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण और शुभचिंतक उनके घर पहुंचकर परिवार को ढांढस बंधा रहे हैं। हादसे ने पूरे गांव को गहरे सदमे में डाल दिया है।

 

Back to top button
error: Content is protected !!