ख़बरेंचंदौली

Chandauli News: मौसम अलर्ट को लेकर डीडीयू मंडल में बढ़ाई गई सतर्कता, संवेदनशील रेलखंडों पर विशेष निगरानी

चंदौली। मानसून के दौरान सुरक्षित एवं सुचारु रेल परिचालन सुनिश्चित करने के लिए पंडित दीन दयाल उपाध्याय मंडल (डीडीयू मंडल) में मौसम संबंधी अग्रिम अलर्ट के आधार पर विशेष सतर्कता बरती जा रही है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) की ओर से जारी मौसम पूर्वानुमान एवं चेतावनी मानचित्र रेलवे बोर्ड को अग्रिम रूप से उपलब्ध कराए जा रहे हैं। इनमें संभावित वर्षा की तीव्रता, चेतावनी का स्तर तथा प्रतिकूल मौसम से प्रभावित होने वाले संभावित क्षेत्रों की जानकारी दी जाती है। इसके आधार पर रेलवे ने संवेदनशील रेलखंडों पर निगरानी बढ़ा दी है।

 

रेलवे बोर्ड द्वारा प्राप्त इन अलर्ट को संबंधित मंडलों के साथ साझा किया जाता है। इसी क्रम में डीडीयू मंडल को भी नियमित रूप से मौसम संबंधी सूचनाएं मिल रही हैं। मंडल रेल प्रबंधक उदय सिंह मीना के निर्देश पर संबंधित विभागों द्वारा अलर्ट के अनुसार संवेदनशील रेलखंडों, पुलों, तटबंधों और अन्य महत्वपूर्ण स्थलों की स्थिति की समीक्षा कर आवश्यक एहतियाती कदम उठाए जा रहे हैं।

 

मौसम खराब होने की आशंका पर ट्रैक की विशेष निगरानी, मानसून पेट्रोलिंग और नियमित निरीक्षण बढ़ाया जा रहा है। संवेदनशील स्थानों पर वॉचमैन की तैनाती के साथ अधिकारियों द्वारा भी निरीक्षण किया जा रहा है। जलभराव की स्थिति से निपटने के लिए साइड ड्रेन, कैच वाटर ड्रेन और यार्ड ड्रेनेज की सफाई एवं रखरखाव पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है, ताकि बारिश के पानी की निकासी सुचारु बनी रहे।

 

सिग्नलिंग और दूरसंचार उपकरणों की कार्यक्षमता सुनिश्चित करने के लिए नियमित जांच एवं परीक्षण किए जा रहे हैं। आवश्यकता के अनुसार बैकअप व्यवस्था भी तैयार रखी जा रही है। वहीं, विद्युत एवं ट्रैक्शन परिसंपत्तियों के निरीक्षण, अनुरक्षण, अर्थिंग और इन्सुलेशन की स्थिति की भी निगरानी की जा रही है। विद्युत प्रतिष्ठानों को जलभराव से सुरक्षित रखने तथा बैटरी एवं पावर सप्लाई सिस्टम को चालू रखने के लिए जरूरी कदम उठाए गए हैं।

 

मंडल प्रशासन मौसम संबंधी ताजा सूचनाओं और अलर्ट पर लगातार नजर बनाए हुए है। मौसम की परिस्थितियों के अनुसार अतिरिक्त एहतियाती उपाय लागू किए जा रहे हैं। सभी संबंधित विभागों के बीच बेहतर समन्वय के साथ मानसून तैयारियों और संरक्षा उपायों की नियमित समीक्षा की जा रही है, ताकि प्रतिकूल मौसम के बावजूद रेल परिचालन को सुरक्षित बनाए रखा जा सके।

Back to top button
error: Content is protected !!