
चंदौली। पीडीडीयू नगर स्थित लाल बहादुर शास्त्री स्नातकोत्तर महाविद्यालय में प्राचार्य की अनुपस्थिति में उनके कक्ष में अनधिकृत रूप से प्रवेश कर अभद्रता करने और मारपीट की धमकी देने का मामला सामने आया है। महाविद्यालय के प्राचार्य की तहरीर के आधार पर पुलिस ने छात्रसंघ के पूर्व अध्यक्ष कपिल यादव पर मुकदमा दर्ज कर लिया है। वहीं घटना की जांच कर रही है।
प्राचार्य की ओर से 18 सितंबर को दिए गए पत्र के अनुसार, दोपहर करीब 2:15 बजे उन्हें सूचना मिली कि कपिल यादव नामक युवक प्राचार्य कक्ष में अनधिकृत रूप से घुस गया है और फेसबुक लाइव पर है। महाविद्यालय के शिक्षकों ने उसे बाहर जाने के लिए कहा, लेकिन वह बाहर नहीं आ रहा था।
दोपहर करीब 2:40 बजे प्राचार्य के महाविद्यालय पहुंचने पर उन्होंने युवक से आने का कारण पूछा। इस पर युवक कथित तौर पर अभद्र व्यवहार करने लगा और ऊंची आवाज में बोलते हुए धमकी देने लगा। आरोप है कि वह आक्रामक हो गया। शिक्षकों ने उसे परिसर से बाहर किया, लेकिन बाहर भी प्राचार्य को धमकी देने का आरोप लगाया गया है।
पत्र में युवक के साथ अवधेश यादव और मुलायम यादव के मौजूद रहने का भी उल्लेख किया गया है। प्राचार्य ने बताया कि घटना महाविद्यालय के बरामदे और बाहर लगे सीसीटीवी कैमरों में रिकॉर्ड है। प्राचार्य ने मामले को गंभीर बताते हुए महाविद्यालय के शिक्षकों, कर्मचारियों और छात्रों की सुरक्षा के मद्देनजर पुलिस से शिकायत दर्ज कर आवश्यक कार्रवाई करने की मांग की है। इस संबंध में कोतवाल अर्जुन सिंह ने कहा कि शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज कर घटना की जांच की जा रही है। कानून व्यवस्था के साथ खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

