
चंदौली। सकलडीहा थाना क्षेत्र में शादी का झूठा वादा कर युवती के साथ शारीरिक संबंध बनाने और बाद में शादी से इंकार करने वाले आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। यह कार्रवाई उच्चाधिकारियों के निर्देश पर चलाए जा रहे अभियान के तहत की गई।
पुलिस के अनुसार, थाना सकलडीहा में दर्ज मुकदमा संख्या 94/2026 में आरोपी परमात्मा उर्फ सागर मौर्या उर्फ गोपी, निवासी ग्राम इटवा, को वांछित चल रहा था। पीड़िता ने शिकायत में आरोप लगाया था कि आरोपी ने उसे शादी का भरोसा देकर उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए। जब उसने शादी के लिए दबाव बनाया, तो आरोपी ने मुकरते हुए उसके साथ गाली-गलौज की और जान से मारने की धमकी भी दी।
मामले को गंभीरता से लेते हुए सकलडीहा पुलिस ने साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई तेज की और आरोपी की तलाश शुरू की। इसी क्रम में पुलिस टीम ने उसे गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं के तहत आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान परमात्मा उर्फ सागर मौर्या उर्फ गोपी (उम्र लगभग 23 वर्ष) के रूप में हुई है। पुलिस का कहना है कि इस तरह के मामलों में सख्त कार्रवाई जारी रहेगी, ताकि महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके और अपराधियों में कानून का भय बना रहे।
इस गिरफ्तारी में थाना प्रभारी भूपेंद्र कुमार निषाद के नेतृत्व में उपनिरीक्षक अभिमन्यु राय, हेड कांस्टेबल राजेंद्र प्रसाद और कांस्टेबल रोहित कुमार गौंड की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

