ख़बरेंचंदौली

Chandauli News: शहाबगंज PHC और आयुष आरोग्य मंदिर में डॉक्टर नदारद, विधायक ने जताई नाराजगी, कार्रवाई के लिए डीएम-सीएमओ को किया फोन  

संवाददाता- श्याम सिंह यादव

चंदौली। चकिया विधानसभा क्षेत्र में स्वास्थ्य सेवाओं की हकीकत जानने के लिए विधायक कैलाश आचार्य ने बुधवार को शहाबगंज स्थित कटवा माफी आयुष आरोग्य मंदिर और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान दोनों स्वास्थ्य केंद्रों पर कई डॉक्टर और स्वास्थ्यकर्मी अनुपस्थित मिले। चिकित्सकों के नहीं मिलने से इलाज कराने पहुंचे मरीजों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था।

डॉक्टरों का इंतजार करते मिले मरीज

निरीक्षण के दौरान विधायक ने अस्पतालों में स्वास्थ्य सेवाओं की स्थिति का जायजा लिया। दोनों केंद्रों पर कई चिकित्सक और कर्मचारी ड्यूटी से नदारद मिले। वहीं, इलाज के लिए पहुंचे कई मरीज अस्पताल परिसर में बैठकर डॉक्टरों का इंतजार करते दिखाई दिए।

स्वास्थ्य केंद्रों पर चिकित्सकों की अनुपस्थिति देखकर विधायक ने कड़ी नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में सरकारी स्वास्थ्य केंद्रों की भूमिका महत्वपूर्ण है। यहां आने वाले मरीजों को समय पर उपचार मिलना चाहिए, लेकिन डॉक्टरों की गैरमौजूदगी से लोगों को परेशानी उठानी पड़ रही है।

 सीएमओ और डीएम को दी जानकारी

विधायक कैलाश आचार्य ने मौके से ही मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) और जिलाधिकारी को फोन कर निरीक्षण के दौरान मिली स्थिति से अवगत कराया। उन्होंने अनुपस्थित और लापरवाही बरतने वाले चिकित्सकों एवं स्वास्थ्यकर्मियों के खिलाफ उचित कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

विधायक ने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों से अस्पतालों में चिकित्सकों और कर्मचारियों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित कराने पर भी जोर दिया, ताकि मरीजों को इलाज के लिए भटकना न पड़े।

 लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी

विधायक ने कहा कि सरकार स्वास्थ्य सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। ग्रामीण क्षेत्रों में अस्पतालों के माध्यम से लोगों को चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है, लेकिन चिकित्सकों की लापरवाही के कारण मरीजों को इसका पूरा लाभ नहीं मिल पा रहा है।

उन्होंने स्पष्ट किया कि स्वास्थ्य सेवाओं में इस तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। मरीजों को समय पर उपचार उपलब्ध कराना स्वास्थ्य विभाग की जिम्मेदारी है। निरीक्षण के दौरान अनुपस्थित मिले चिकित्सकों और कर्मचारियों पर कार्रवाई को लेकर अब स्वास्थ्य विभाग के कदम पर नजर रहेगी।

 

Back to top button
error: Content is protected !!