ख़बरेंचंदौली

Chandauli News: तमिलनाडु में यूपी के जांबाजों का जलवा, जेबी कराटे क्लब ने लहराया परचम

नेशनल कराटे टूर्नामेंट में खिलाड़ियों ने जीते कई स्वर्ण व रजत पदक, सूर्यकांत, सौरभ शाव और गौरव शाव बने नेशनल चैंपियन

चंदौली। तमिलनाडु के इडप्पाडी शहर में 25 एवं 26 जुलाई को आयोजित दो दिवसीय नेशनल कराटे टूर्नामेंट में उत्तर प्रदेश के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रदेश का नाम रोशन किया। क्यूकुशीन कराटे के तत्वावधान में आयोजित इस राष्ट्रीय प्रतियोगिता में जेबी कराटे क्लब के खिलाड़ियों ने बेहतरीन तकनीक, अनुशासन और आत्मविश्वास का परिचय देते हुए कई स्वर्ण एवं रजत पदक अपने नाम किए। देशभर से आए खिलाड़ियों के बीच क्लब के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन कर उत्तर प्रदेश का परचम लहराया।

 

वेट कैटेगरी कुमिते स्पारिंग मुकाबलों में जेबी कराटे क्लब का दबदबा देखने को मिला। सूर्यकांत, सौरभ शाव और गौरव शाव ने अपने-अपने वर्ग में स्वर्ण पदक जीतकर नेशनल चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया। तीनों खिलाड़ियों ने कठिन मुकाबलों में अपने प्रतिद्वंद्वियों को मात देकर निर्णायकों और दर्शकों को प्रभावित किया।

 

काता प्रतियोगिता में भी क्लब के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया। जूनियर वर्ग में लक्ष्य मिश्रा और सृष्टि कुमारी ने स्वर्ण पदक जीतकर राष्ट्रीय चैंपियन का खिताब अपने नाम किया। वहीं सीनियर वर्ग में प्रिंस गोयल और छोटू कुमार ने भी स्वर्ण पदक जीतकर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया। अंश पांडे और सरकार कुमार ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए रजत पदक हासिल किया।

 

जेबी कराटे क्लब के कोच एवं प्रबंधन से जुड़े सुनील सिंह ने खिलाड़ियों की सफलता पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि यह उपलब्धि उनकी महीनों की कठिन मेहनत, अनुशासन और समर्पण का परिणाम है। उन्होंने विश्वास जताया कि क्लब के खिलाड़ी भविष्य में राष्ट्रीय ही नहीं बल्कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी देश का नाम रोशन करेंगे।

 

तमिलनाडु में मिली इस उपलब्धि के बाद खिलाड़ियों के गृह क्षेत्र में खुशी का माहौल है। परिजनों, खेल प्रेमियों और स्थानीय लोगों ने विजेता खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। खिलाड़ियों की इस सफलता ने एक बार फिर साबित कर दिया कि छोटे शहरों और कस्बों की प्रतिभाएं भी सही मार्गदर्शन और मेहनत के बल पर राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना सकती हैं।

गोल्ड मेडल विजेता

सूर्यकांत – स्वर्ण पदक, नेशनल चैंपियन

सौरभ शाव – स्वर्ण पदक, नेशनल चैंपियन

गौरव शाव – स्वर्ण पदक, नेशनल चैंपियन

Back to top button
error: Content is protected !!