चंदौली। सैयदराजा विधानसभा क्षेत्र के बरहनी ब्लॉक परिसर में शनिवार को मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के अंतर्गत भव्य समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में कुल 26 जोड़े वैवाहिक बंधन में बंधे। इनमें 24 जोड़ों का विवाह वैदिक रीति-रिवाज से संपन्न कराया गया, जबकि दो मुस्लिम जोड़ों का निकाह धार्मिक परंपराओं के अनुसार कराया गया। विवाह के बाद सभी नवदंपतियों को विवाह प्रमाण पत्र प्रदान किए गए और उनके सुखद वैवाहिक जीवन की कामना की गई।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सैयदराजा विधायक सुशील सिंह ने नवदंपतियों को प्रमाण पत्र एवं शुभाशीष प्रदान करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना समाज के आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार गरीब परिवारों की बेटियों के विवाह का संपूर्ण खर्च वहन कर रही है, जिससे माता-पिता पर आर्थिक बोझ कम हुआ है। यह योजना सामाजिक समानता को बढ़ावा देने के साथ-साथ दहेज जैसी कुरीति को समाप्त करने की दिशा में भी प्रभावी कदम साबित हो रही है।
विधायक ने कहा कि पहले आर्थिक तंगी और दहेज की समस्या के कारण कई गरीब परिवार अपनी बेटियों का विवाह समय पर नहीं करा पाते थे। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में संचालित इस योजना से हजारों परिवारों को राहत मिली है और बेटियों का सम्मानपूर्वक विवाह सुनिश्चित हो रहा है।
समारोह के दौरान पूरे ब्लॉक परिसर में उत्सव जैसा माहौल रहा। विवाह की सभी आवश्यक व्यवस्थाएं प्रशासन की ओर से की गईं और वर-वधू पक्ष के परिजनों ने कार्यक्रम की सराहना की। इस अवसर पर प्रमुख प्रतिनिधि महेंद्र सिंह, खंड विकास अधिकारी शरद चंद शुक्ला, एडीपीआरओ राजेश कुमार सिंह, नोडल अधिकारी मनोज त्रिपाठी, एडीओ को-ऑपरेटिव राजेश सिंह, एडीओ पंचायत प्रेमचंद, रविंद्र उर्फ बड़े तिवारी, मृत्युंजय सिंह ‘दीपू’, विजय मौर्य सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन सियालाल यादव ने किया।

