
चंदौली। बलुआ पुलिस ने सरिया चोरी की एक घटना का सफल खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से चोरी की गई करीब एक कुंतल सरिया बरामद किया। आरोपियों के खिलाफ विधिक कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस के अनुसार, चहनियां क्षेत्र के खण्डवारी गांव निवासी प्रवीण सिंह ने थाना बलुआ में शिकायत दर्ज कराई थी कि उनके मकान के मुख्य गेट के अंदर रखी करीब डेढ़ कुंतल लोहे की सरिया अज्ञात चोर चोरी कर ले गए। शिकायत के आधार पर थाना बलुआ में मुकदमा संख्या 192/2026 धारा 305(ए) भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।
मामले को गंभीरता से थानाध्यक्ष बलुआ अरुण प्रताप सिंह के नेतृत्व में एक विशेष पुलिस टीम गठित की गई। टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और स्थानीय सूचना तंत्र की मदद से जांच आगे बढ़ाई। इसी क्रम में रविवार को ग्राम मरकनिया पक्खोपुर क्षेत्र से घटना में शामिल तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान रोहित खरवार पुत्र कन्हैया खरवार निवासी ग्राम चहनियां, राहुल कुमार पुत्र रामकिशुन राम निवासी ग्राम चहनियां तथा पंकज कुमार पुत्र फ्रींगी राम निवासी ग्राम सिंगहा, थाना बलुआ, जनपद चंदौली के रूप में हुई है।
पूछताछ के दौरान आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने चोरी की गई 14 नग लोहे की सरिया बरामद की, जिनका वजन लगभग एक कुंतल है। पुलिस का कहना है कि मामले में आगे की जांच जारी है और चोरी की शेष सामग्री की बरामदगी के लिए भी प्रयास किए जा रहे हैं।
इस कार्रवाई में थानाध्यक्ष अरुण प्रताप सिंह के अलावा उपनिरीक्षक अमरनाथ साहनी, उपनिरीक्षक जितेन्द्र बहादुर सिंह, कांस्टेबल शिशिर यादव, कांस्टेबल रमेश चौहान, प्रशिक्षु आरक्षी प्रांशु मिश्रा यादव तथा प्रशिक्षु आरक्षी अनमोल वर्मा की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

