ख़बरेंचंदौली

Chandauli News: चंदौली कांग्रेस का भाजपा पर हमला, 7 जुलाई को निकलेगा ‘शुद्धि-बुद्धि पदयात्रा’ और ‘चढ़ावा चोर गद्दी छोड़’ मार्च

चंदौली। जिला कांग्रेस कमेटी चंदौली ने अयोध्या स्थित श्रीराम मंदिर में कथित चढ़ावे की चोरी के मुद्दे को लेकर भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला है। रविवार को जिला कांग्रेस कार्यालय चंद्रा त्रिपाठी कांग्रेस भवन में जिलाध्यक्ष अरुण द्विवेदी की अध्यक्षता में आयोजित मासिक बैठक में पार्टी नेताओं ने इस मुद्दे पर आंदोलन का ऐलान करते हुए 7 जुलाई को शुद्धि-बुद्धि पदयात्रा’ तथा चढ़ावा चोर गद्दी छोड़’ मार्च निकालने की घोषणा की।

 

बैठक में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महासचिव देवेंद्र प्रताप सिंह ‘मुन्ना’ ने कहा कि श्रीराम मंदिर में कथित रूप से करोड़ों रुपये और बहुमूल्य आभूषणों के चढ़ावे में हुई चोरी की खबरों ने देश और दुनिया के करोड़ों हिंदुओं की भावनाओं को आहत किया है। उन्होंने आरोप लगाया कि मंदिर निर्माण का राजनीतिक श्रेय लेने वाली भाजपा और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ को इस मामले पर भी जवाब देना चाहिए। उनका कहना था कि इस प्रकरण को लेकर जनता में नाराजगी है और इसका असर आगामी विधानसभा चुनाव में देखने को मिल सकता है।

 

जिलाध्यक्ष अरुण द्विवेदी ने आरोप लगाया कि कथित चढ़ावा चोरी के मामले में सरकार गंभीरता नहीं दिखा रही है और दोषियों को बचाने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि यदि मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाए तो बड़े स्तर पर वित्तीय अनियमितताओं का खुलासा हो सकता है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि धर्म के नाम पर राजनीति करने वाली सरकार इस प्रकरण की निष्पक्ष जांच से बच रही है।

 

कांग्रेस नेताओं ने मांग की कि देश के प्रमुख मंदिरों और मठों के संचालन की व्यवस्था पारदर्शी बनाई जाए। बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि 19 जुलाई को चंदौली से बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता प्रयागराज पहुंचेंगे, जहां पार्टी नेता Rahul Gandhi के प्रस्तावित छात्र संवाद कार्यक्रम छात्रों की गूंज’ में भाग लेंगे।

 

बैठक में रजनीकांत पांडेय, तौफीक खान, तरुण पांडेय, मुनीर खान, राममूरत गुप्ता, गंगा प्रसाद, प्रताप पांडेय, कुलदीप वर्मा, परमहंस सिंह राजपूत, रामऔतार यादव, मदन लाल, उदय उपाध्याय, जुगल किशोर, इंद्रजीत मिश्रा, असगर अली सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन जिला सह-प्रवक्ता शिवेंद्र मिश्रा ने किया।

 

Back to top button
error: Content is protected !!