
चंदौली। जिले की कोतवाली चन्दौली पुलिस ने रास्ते के विवाद को लेकर लाठी-डंडों और कुल्हाड़ी से जानलेवा हमला करने के मामले में तीन सगे नामजद आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त एक कुल्हाड़ी और एक डंडा भी बरामद किया है। पुलिस गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ अग्रिम विधिक कार्रवाई में जुटी रही।
पुलिस के अनुसार, यह घटना 11 जुलाई 2026 की शाम करीब 6:30 बजे ग्राम कटसिला में हुई थी। शिकायतकर्ता मुन्नी देवी ने आरोप लगाया कि उनकी पुत्री शौच के लिए घर से निकली थी, तभी गांव के कुछ लोगों ने बैरिकेडिंग कर रास्ता अवरुद्ध कर दिया और अभद्र भाषा का प्रयोग करने लगे। विरोध करने पर विवाद बढ़ गया।
बताया गया कि जब मुन्नी देवी और उनके पति वीरेंद्र बीच-बचाव के लिए पहुंचे, तो पहले से घात लगाए बैठे आरोपियों ने लाठी-डंडों और कुल्हाड़ी से हमला कर दिया। इस हमले में वीरेंद्र के सिर पर गंभीर चोट आई, जबकि मुन्नी देवी और उनकी पुत्री भी घायल हो गईं। घटना के बाद पीड़िता की तहरीर पर कोतवाली चन्दौली में मुकदमा संख्या 385/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 115(2), 352, 351(2) और 109 में मुकदमा दर्ज किया गया था। इसके बाद पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी हुई थी।
पुलिस अधीक्षक के निर्देशन तथा प्रभारी निरीक्षक विन्देश्वर प्रसाद पाण्डेय के नेतृत्व में गठित टीम ने रविवार 12 जुलाई 2026 की सुबह करीब 8:54 बजे कार्रवाई करते हुए तीनों आरोपियों को उनके घर, ग्राम कटसिला से गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के दौरान पुलिस ने घटना में प्रयुक्त एक कुल्हाड़ी और एक डंडा भी बरामद किया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान महेंद्र पुत्र स्वर्गीय लालता, उसके पुत्र नितेश तथा राकेश निवासी ग्राम कटसिला, थाना एवं जनपद चन्दौली के रूप में हुई है। तीनों आपस में सगे हैं। इस कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक विन्देश्वर प्रसाद पाण्डेय, उपनिरीक्षक कन्हैया लाल मौर्य, उपनिरीक्षक विजय बहादुर सिंह तथा कांस्टेबल अरविंद कुमार-1 शामिल रहे।

