ख़बरेंचंदौली

Chandauli News: प्राचीन शिव-दुर्गा मंदिर में चोरी, दानपेटी तोड़ नकदी और पीतल के घंटे ले उड़े चोर, ग्रामीणों में आक्रोश

चंदौली। इलिया थाना क्षेत्र के खरौझा गांव स्थित प्राचीन शिव-दुर्गा मंदिर में सोमवार देर रात चोरी की घटना से ग्रामीणों में भारी आक्रोश व्याप्त है। अज्ञात चोर मंदिर परिसर में घुसकर दानपेटी का ताला तोड़कर उसमें रखी नकदी लेकर फरार हो गए। इसके अलावा मंदिर में लगे पीतल के बड़े और कई छोटे घंटे भी उखाड़ ले गए। मंगलवार सुबह घटना की जानकारी होने पर पूरे गांव में सनसनी फैल गई और बड़ी संख्या में ग्रामीण मंदिर परिसर में जुट गए।

 

खरौझा गांव में प्राथमिक विद्यालय के समीप स्थित शिव और दुर्गा मंदिर लंबे समय से ग्रामीणों की आस्था का प्रमुख केंद्र है। मंगलवार सुबह मंदिर के पुजारी रोज की तरह पूजा-अर्चना और साफ-सफाई के लिए पहुंचे तो दानपेटी टूटी हुई मिली और मंदिर में लगे घंटे गायब थे। उन्होंने तत्काल गांव के शशिकांत सिंह सहित अन्य ग्रामीणों को सूचना दी। कुछ ही देर में मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई।

घटना की सूचना इलिया पुलिस को दी गई। ग्रामीणों ने अज्ञात चोरों के खिलाफ तहरीर देकर जल्द से जल्द चोरी का खुलासा करने और आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की है। उनका कहना है कि मंदिर के पास प्राथमिक विद्यालय होने के बावजूद चोरों ने बेखौफ होकर वारदात को अंजाम दिया, जिससे क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए हैं।

 

पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि चोर एक बड़ा पीतल का घंटा और चार से पांच छोटे घंटे अपने साथ ले गए हैं। दानपेटी का ताला भी टूटा मिला है। हालांकि उसमें अधिक नकदी होने की संभावना नहीं बताई जा रही है। मंदिर परिसर में सीसीटीवी कैमरे नहीं लगे होने के कारण जांच में कठिनाई आ रही है। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ करने के साथ ही संदिग्ध गतिविधियों की जानकारी जुटा रही है।

 

Back to top button
error: Content is protected !!