
चंदौली। आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर जिला कांग्रेस कमेटी चंदौली की महत्वपूर्ण बैठक बुधवार को चंद्रा त्रिपाठी कांग्रेस भवन में आयोजित हुई। बैठक में कांग्रेस के राष्ट्रीय पर्यवेक्षक अली मेहदी, प्रादेशिक पर्यवेक्षक सरिता पटेल और देवेंद्र प्रताप सिंह शामिल हुए। अध्यक्षता जिलाध्यक्ष अरुण द्विवेदी ने की। इस दौरान राष्ट्रीय पर्यवेक्षक का कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने जोरदार स्वागत किया।
बैठक में संगठन को आगामी विधानसभा चुनाव के लिए मजबूत करने और जमीनी स्तर पर पार्टी की स्थिति का आकलन करने पर जोर दिया गया। राष्ट्रीय पर्यवेक्षक अली मेहदी ने पार्टी कार्यकर्ताओं से अलग-अलग मुलाकात कर संगठन की गतिविधियों, बूथ स्तर की स्थिति और कार्यकर्ताओं की सक्रियता की जानकारी ली। उन्होंने कार्यकर्ताओं से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं और सुझाव भी सुने। इस दौरान उन्होंने आगामी चुनाव को लेकर संगठन को और अधिक सक्रिय बनाने पर जोर दिया।
बैठक के बाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने उत्तराखंड के हल्द्वानी में कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के कार्यक्रम स्थल को कथित तौर पर गंगाजल से धोने के विरोध में पैदल मार्च निकाला। कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि यह घटना दलित विरोधी मानसिकता को दर्शाती है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ऐसी मानसिकता का विरोध करती है और सामाजिक समानता तथा संविधान में निहित अधिकारों की रक्षा के लिए आवाज उठाती रहेगी। कार्यकर्ताओं ने कहा कि देश में सभी नागरिकों को समान अधिकार प्राप्त हैं और किसी भी प्रकार का जातिगत भेदभाव स्वीकार नहीं किया जा सकता। पैदल मार्च के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने घटना के विरोध में नारेबाजी करते हुए अपना आक्रोश जताया।
कार्यक्रम में बृजेश गुप्ता, मधु राय, रामानंद यादव, रजनीकांत पांडेय, राजेंद्र गौतम, मुनीर खान, राममूरत गुप्ता, हीरालाल शर्मा, अकिल अहमद, बाबू गंगा प्रसाद, तौफीक खान, शाहिद तौसीफ, माधवेंद्र मूर्ति ओझा, शिवेंद्र मिश्रा, राकेश सिंह, शीतला प्रसाद सहित सैकड़ों कांग्रेसजन मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन विजई त्रिपाठी ने किया।

