ख़बरेंचंदौली

Chandauli News: कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय में बनेगा खेल मैदान और ओपन जिम, डीएम ने दिए निर्देश, छात्राओं से बातकर जाना पठन-पाठन और व्यवस्थाओं का हाल

चंदौली। जिलाधिकारी चंद्रमोहन गर्ग ने शहाबगंज विकासखंड के बयापुर गांव का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय पहुंचकर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और छात्राओं से सीधे संवाद कर उनकी समस्याओं की जानकारी ली। उन्होंने स्कूल में खेल मैदान और ओपन जिम बनाने के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने कक्षा आठ की छात्राओं से पढ़ाई, भोजन, आवासीय सुविधाओं और विद्यालय में उपलब्ध अन्य व्यवस्थाओं के बारे में जानकारी ली। बातचीत में छात्राओं ने विद्यालय में खेल मैदान नहीं होने की समस्या बताई। इस पर जिलाधिकारी ने समस्या को गंभीरता से लेते हुए विद्यालय के समीप उपलब्ध भूमि को खेल मैदान और ओपन जिम के रूप में विकसित करने के निर्देश दिए।

डीएम ने कहा कि बालिकाओं के सर्वांगीण विकास के लिए शिक्षा के साथ खेलकूद और शारीरिक गतिविधियों की सुविधाएं भी जरूरी हैं। उन्होंने विद्यालय की बाउंड्रीवॉल का निरीक्षण कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। साथ ही परिसर में साफ-सफाई की व्यवस्था बेहतर बनाए रखने पर विशेष जोर दिया।

22 बीघा भूमि का होगा उपयोग

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने विद्यालय के समीप अतिक्रमण से मुक्त कराई गई करीब 22 बीघा भूमि का भी जायजा लिया। उन्होंने इस भूमि को बालिकाओं के लिए उपयोगी बनाने और यहां ओपन जिम विकसित करने के लिए जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।

उन्होंने खंड विकास अधिकारी दिनेश सिंह को भूमि की घेराबंदी कराने के साथ ही इसे जनहित में व्यवस्थित ढंग से उपयोग करने को कहा। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्रस्तावित सुविधाओं को विकसित करने में आवश्यक प्रक्रिया जल्द पूरी की जाए।

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने विद्यालय की मौजूदा व्यवस्थाओं और परिसर से संबंधित जानकारी जिलाधिकारी को दी। जिलाधिकारी ने छात्राओं की सुविधाओं को प्राथमिकता देते हुए व्यवस्थाओं में आवश्यक सुधार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इस अवसर पर उप जिलाधिकारी विकास मित्तल, खंड विकास अधिकारी दिनेश सिंह समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।

Back to top button
error: Content is protected !!