ख़बरेंचंदौली

Chandauli News: ऑपरेशन के बाद महिला की मौत, हॉस्पिटल सीज, जांच में मिलीं कई गंभीर खामियां

चंदौली। ऑपरेशन के बाद 65 वर्षीय महिला की मौत के मामले में प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अलीनगर के वार्ड नंबर तीन स्थित अवंतिका हॉस्पिटल को सीज कर दिया। जांच के दौरान अस्पताल में कई गंभीर अनियमितताएं मिलने के बाद एसडीएम राजेश कुमार वर्मा ने अस्पताल को सील करने के निर्देश दिए। कार्रवाई के दौरान अस्पताल में भर्ती मरीजों को जिला अस्पताल में शिफ्ट कराया गया।

 

बिहार के कैमूर निवासी 65 वर्षीय सुरसती देवी का अवंतिका हॉस्पिटल में ऑपरेशन किया गया था। ऑपरेशन के बाद उनकी मौत हो गई थी। घटना के बाद मृतका के परिजनों ने अस्पताल प्रबंधन पर इलाज में लापरवाही और अवैध रूप से रुपये वसूलने के आरोप लगाए थे। शिकायत के बाद प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग की टीम ने अस्पताल का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की जांच की।

 

जांच के दौरान अस्पताल में कई गंभीर खामियां सामने आईं। अधिकारियों के मुताबिक मौके पर सर्जन उपलब्ध नहीं मिले। अस्पताल का ऑपरेशन थिएटर भी निर्धारित मानकों के अनुरूप नहीं पाया गया। इसके अलावा बेसमेंट में अस्पताल का संचालन किए जाने की बात सामने आई। चिकित्सकीय व्यवस्थाओं और आवश्यक मानकों के पालन को लेकर भी कई कमियां मिलीं।

 

निरीक्षण के दौरान मिली अनियमितताओं को गंभीरता से लेते हुए प्रशासन ने तत्काल अस्पताल को सीज करने की कार्रवाई की। अस्पताल में भर्ती मरीजों को उनकी सुरक्षा और बेहतर उपचार के लिए जिला अस्पताल स्थानांतरित कराया गया। प्रशासन की कार्रवाई की जानकारी मिलते ही क्षेत्र के निजी अस्पताल संचालकों में हड़कंप मच गया।

 

स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने कहा कि मरीजों के इलाज में किसी भी प्रकार की लापरवाही और निर्धारित मानकों की अनदेखी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। अस्पतालों में चिकित्सकों की उपलब्धता, ऑपरेशन थिएटर की व्यवस्था, भवन संबंधी मानक और मरीजों को दी जा रही चिकित्सा सुविधाओं की जांच की जाएगी।

 

नियामताबाद के प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ. रविकांत सिंह ने बताया कि क्षेत्र में अस्पतालों और पैथोलॉजी सेंटरों की जांच का अभियान लगातार जारी रहेगा। मानकों का उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित संस्थानों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन की इस कार्रवाई के बाद स्वास्थ्य विभाग ने निजी चिकित्सा संस्थानों को भी अपनी व्यवस्थाएं दुरुस्त रखने का संदेश दिया है।

 

Back to top button
error: Content is protected !!