ख़बरेंचंदौली

Chandauli News: बाबा कीनाराम जन्मोत्सव को लेकर प्रशासन अलर्ट, डीएम और एसपी ने तैयारियों का लिया जायजा, श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को लेकर दिए विशेष निर्देश

चंदौली। अघोर परंपरा के महान संत बाबा किनाराम जी के जन्मोत्सव समारोह को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। 10 से 12 सितंबर तक आयोजित होने वाले तीन दिवसीय समारोह को भव्य, सुरक्षित और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए शुक्रवार को जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग और पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल ने संयुक्त रूप से समीक्षा बैठक की। अधिकारियों ने कार्यक्रम स्थल का स्थलीय निरीक्षण कर संबंधित विभागों को समय से सभी व्यवस्थाएं पूरी करने के निर्देश दिए।

बैठक में जिलाधिकारी ने कहा कि समारोह में बड़ी संख्या में दूर-दराज से श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है। ऐसे में उनकी सुविधा और सुरक्षा प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ काम करते हुए सभी व्यवस्थाएं समारोह से पहले पूरी करने के निर्देश दिए। डीएम ने मेला क्षेत्र में साफ-सफाई, पेयजल, बिजली और चिकित्सा सुविधाओं को दुरुस्त रखने पर विशेष जोर दिया। श्रद्धालुओं के लिए पर्याप्त संख्या में पानी के टैंकर, अस्थायी शौचालय, प्राथमिक चिकित्सा केंद्र और मोबाइल मेडिकल टीम की व्यवस्था करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए गए। जिला पंचायत राज अधिकारी को मेला क्षेत्र में 24 घंटे सफाई व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए सफाई कर्मियों की शिफ्टवार तैनाती के निर्देश दिए गए।

जिलाधिकारी ने कहा कि किसी भी श्रद्धालु को असुविधा न हो, इसके लिए सभी विभाग अपनी जिम्मेदारियों का समय से निर्वहन करें। उन्होंने मेला क्षेत्र में स्वच्छता, प्रकाश और मूलभूत सुविधाओं की लगातार निगरानी करने के भी निर्देश दिए। वहीं पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल ने समारोह के दौरान सुरक्षा और यातायात व्यवस्था की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती के साथ यातायात प्रबंधन को बेहतर बनाने के निर्देश दिए। श्रद्धालुओं के वाहनों के लिए अलग-अलग पार्किंग स्थल चिन्हित करने और यातायात को सुचारू बनाए रखने के लिए रूट डायवर्जन प्लान तैयार करने को कहा गया।

एसपी ने बताया कि पूरे मेला और मंदिर परिसर को अलग-अलग सेक्टरों में बांटकर पुलिस बल तैनात किया जाएगा। प्रमुख स्थानों पर महिला पुलिसकर्मियों के साथ सादे कपड़ों में सुरक्षाकर्मियों की भी तैनाती रहेगी। सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से मेला क्षेत्र की निगरानी की जाएगी, ताकि संदिग्ध गतिविधियों पर तत्काल नजर रखी जा सके। निरीक्षण के दौरान उपजिलाधिकारी, क्षेत्राधिकारी, विभिन्न विभागों के अधिकारी, बाबा किनाराम मठ एवं समिति के सेवादार तथा गणमान्य लोग मौजूद रहे।

 

Back to top button
error: Content is protected !!