
चंदौली। शिक्षक दिवस के अवसर पर सरकारी विद्यालयों की बदहाल व्यवस्था को लेकर समाजवादी पार्टी ने भाजपा सरकार के खिलाफ मोर्चा खोलते हुए गांव-गांव जागरूकता अभियान शुरू किया। सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के आह्वान पर शनिवार को सैयदराजा विधानसभा क्षेत्र के ककरही-मनराजपुर स्थित प्राथमिक विद्यालय में पार्टी का प्रतिनिधिमंडल पहुंचा। पूर्व विधायक एवं सपा के राष्ट्रीय सचिव मनोज सिंह डब्लू ने शिक्षकों का सम्मान किया। इसके बाद ग्रामीणों के साथ चौपाल लगाकर सरकारी शिक्षा व्यवस्था की स्थिति पर चर्चा की।
मनोज सिंह डब्लू ने आरोप लगाया कि प्रदेश में करीब 26 हजार सरकारी विद्यालय बंद कर दिए गए हैं। इसका सबसे अधिक असर गरीब और पीडीए समाज के बच्चों की शिक्षा पर पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि सरकारी विद्यालयों को कमजोर करना भाजपा सरकार की सोची-समझी नीति है, जिससे गरीब बच्चों के शिक्षा के अधिकार पर संकट खड़ा हो रहा है।
उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी की सरकार बनने पर बंद पड़े विद्यालयों को दोबारा खोला जाएगा। जरूरत के अनुसार नए विद्यालय भी स्थापित किए जाएंगे। शिक्षकों की कमी दूर करने के लिए भर्ती प्रक्रिया शुरू कर युवाओं को रोजगार देने का काम किया जाएगा।
सपा नेता ने आरोप लगाया कि जिस विद्यालय में लंबे समय से शिक्षण व्यवस्था ठप थी, वहां उनके कार्यक्रम की जानकारी मिलते ही बीएसए के निर्देश पर शिक्षक पहुंचे और बच्चों को बुलाकर शिक्षक दिवस का कार्यक्रम कराया गया। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि यदि सपा नेताओं के पहुंचने पर ही शिक्षक विद्यालय आएंगे तो वे रोज स्कूल पहुंचकर पाठशाला चलवाने का काम करेंगे।
इस दौरान कार्यकर्ताओं और ग्रामीणों ने “सुनो पाठशाला की पुकार, सरकारी शिक्षा को बचाएगी समाजवादी सरकार” का नारा बुलंद किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता अमरनाथ यादव और संचालन संतोष उपाध्याय ने किया। इस मौके पर रामजनम यादव, हरदेव मौर्य, राजनाथ सिंह, बृजेश प्रधान, रामदुलारे यादव, भैरव खरवार, रमेश यादव, पप्पू शर्मा, भागवत गोंड, दयाराम, जगमेंद्र, फौजदार राम, केदार प्रसाद, ओमप्रकाश खरवार, अशोक कुमार सिंह, गामा यादव सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

