चंदौलीराज्य/जिला

सेवड़ी की रामलीला में गूंजे जय श्रीराम के जयकारे, कुंभकर्ण और मेघनाद वध का मंचन

जिला पंचायत सदस्य संजय पांडेय रहे मुख्य अतिथि, कलाकारों के सजीव मंचन ने बांधा समां

चंदौली। चहनियां क्षेत्र के सेवड़ी गांव में आयोजित पारंपरिक रामलीला में सोमवार को लंका कांड के दो प्रमुख प्रसंगों कुंभकर्ण वध और मेघनाद वध का भव्य मंचन किया गया। रामायण के इन प्रसंगों को देखने के लिए बड़ी संख्या में ग्रामीण और श्रद्धालु जुटे। कलाकारों के प्रभावशाली अभिनय और संवादों ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। इस दौरान रामलीला स्थल जय श्रीराम के जयकारों से गूंज उठा।

कार्यक्रम में जिला पंचायत सदस्य संजय पांडेय मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। रामलीला समिति के पदाधिकारियों ने अंगवस्त्र पहनाकर और माल्यार्पण कर उनका स्वागत किया।

छह माह की निद्रा से जागा कुंभकर्ण, श्रीराम ने किया वध

मंचन में दिखाया गया कि युद्ध में लगातार मिल रही पराजय से चिंतित रावण ने अपने विशालकाय भाई कुंभकर्ण को छह माह की निद्रा से जगवाया। रावण के आदेश पर कुंभकर्ण युद्धभूमि में पहुंचा और श्रीराम की वानर सेना से भीषण युद्ध किया। अंततः भगवान श्रीराम ने कुंभकर्ण का वध कर दिया। इस प्रसंग के माध्यम से धर्म और अधर्म के बीच संघर्ष को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया गया।

लक्ष्मण के पराक्रम के आगे मेघनाद की मायावी शक्तियां पड़ीं भारी

इसके बाद लक्ष्मण और रावण के पराक्रमी पुत्र मेघनाद के बीच हुए भीषण युद्ध का मंचन हुआ। मेघनाद ने अपनी मायावी शक्तियों से श्रीराम की सेना को चुनौती दी, लेकिन विभीषण के मार्गदर्शन और घमासान युद्ध के बाद लक्ष्मण ने उसका वध कर दिया। इस दृश्य पर दर्शकों ने जय श्रीराम के उद्घोष के साथ कलाकारों का उत्साहवर्धन किया।

समिति के सदस्यों ने निभाई महत्वपूर्ण भूमिका

रामलीला समिति के अध्यक्ष डॉ. प्रताप नारायण मिश्रा, पूर्व अध्यक्ष गुप्तेश्वर पांडेय, उपाध्यक्ष सर्वेश पांडेय, कोषाध्यक्ष डॉ. आनंद प्रकाश मिश्रा, सचिव दिवाकर यादव, मुनिलाल यादव, व्यास अवधेश मिश्रा और गोविंद मिश्रा की महत्वपूर्ण भूमिका रही। रामायण गायन में अनजानी पांडेय और मंटू मिश्रा तथा तबला वादन में लखेड़ू और शिव शर्मा ने योगदान दिया।

इसके अलावा रिंकू पांडेय, पत्तरू शर्मा, अक्कू पांडेय, आकाश पांडेय, धीरज पांडेय, कारण राय, बिपिन खरवार, छोटू मिश्रा, आकाश मिश्रा, हर्ष मिश्रा, पुनीत मिश्रा, गुड्डू मिश्रा, अमरनाथ राय, जुगनू पांडेय और सुगनू पांडेय सहित अन्य सदस्यों एवं ग्रामीणों का सहयोग रहा।

Back to top button
error: Content is protected !!