ख़बरेंचंदौली

Chandauli News: एयर शो को लेकर चंदौली में नो-एंट्री लागू, भारी वाहनों के आवागमन पर रहेगी रोक, जानिये पुलिस का ट्रैफिक प्लान

चंदौली। वाराणसी के नमो घाट पर प्रस्तावित भारतीय वायुसेना के एयर शो को देखते हुए चंदौली में यातायात व्यवस्था में बदलाव किया गया है। चंदौली पुलिस की ओर से जारी प्रेस नोट के अनुसार, जनपद में 21 अक्टूबर से 25 अक्टूबर तक नो-एंट्री प्लान लागू रहेगा। इसके तहत कोयला मंडी और लंका मैदान की ओर जाने वाले भारी वाहनों के आवागमन पर प्रतिबंध लगाया गया है। वहीं, एयर शो के दौरान 22, 24 और 25 अक्टूबर को सुबह आठ बजे से कार्यक्रम की समाप्ति तक वाराणसी जाने वाले वाहनों के लिए विशेष यातायात और पार्किंग व्यवस्था लागू रहेगी।

 

कोयला मंडी से कोई भी ट्रक या भारी वाहन पड़ाव होते हुए रामनगर की तरफ नहीं जाएगा। इस मार्ग पर रात 12 बजे से सुबह पांच बजे तक नो-एंट्री खुली रहेगी। इसी तरह लंका मैदान से कटेसर होते हुए कोयला मंडी की तरफ ट्रक और भारी वाहन नहीं जाएंगे। यहां भी रात 12 बजे से सुबह पांच बजे तक नो-एंट्री खुली रहेगी। कोयला मंडी और लंका मैदान, दोनों तरफ से दिन में नो-एंट्री लागू रहेगी। इसके अलावा लंका मैदान से चकिया तिराहे के रास्ते पड़ाव मुगलसराय की तरफ भी मालवाहक और भारी वाहनों के आवागमन पर रोक रहेगी।

 

दोपहिया वाहनों के लिए बहादुरपुर रोड पर पार्किंग

एयर शो देखने आने वाले दोपहिया वाहन चालकों को गंगा नदी रिंग रोड पुल के मवई शिवाला अंडरपास से बहादुरपुर रोड पर निर्धारित पार्किंग स्थल की ओर भेजा जाएगा। वाहन चालकों को अपने वाहन इसी पार्किंग स्थल पर खड़े करने होंगे। बिहार, चंदौली और अन्य जनपदों से आने वाले चारपहिया वाहन रिंग रोड से पंचपेड़वा पहुंचेंगे। वहां से अलीनगर होते हुए मुगलसराय की ओर निर्धारित मार्ग से पड़ाव क्षेत्र में पहुंचना होगा। चारपहिया वाहनों के लिए एफसीआई गोदाम, सनबीम स्कूल ग्राउंड और एसआरएन स्कूल के पीछे स्थित ग्राउंड में पार्किंग निर्धारित की गई है। वहीं, दोपहिया वाहनों को एम्बिशन, एप्को ऑफिस और एप्को ग्राउंड में खड़ा कराया जाएगा।

 

पड़ाव में पार्किंग भरने पर लंका मैदान का विकल्प

पड़ाव क्षेत्र के निर्धारित पार्किंग स्थल भर जाने पर बाहर से आने वाले चारपहिया वाहनों को वाराणसी के रामनगर स्थित लंका मैदान पार्किंग की ओर भेजा जाएगा। वाहन चालकों को यातायात पुलिस के निर्देशों के अनुसार निर्धारित मार्ग का इस्तेमाल करना होगा।

 

दूसरे जिलों की ओर जाने वाले वाहन NH-19 और रिंग रोड से गुजरेंगे

वाराणसी (बाबतपुर), प्रयागराज, मिर्जापुर और अन्य जनपदों की ओर जाने वाले ऐसे वाहन, जिन्हें एयर शो में शामिल नहीं होना है, उन्हें एनएच-19 और रिंग रोड का इस्तेमाल करने की सलाह दी गई है। ऐसे वाहन चालकों से पड़ाव क्षेत्र और प्रतिबंधित पुलों की ओर जाने से बचने की अपील की गई है। चंदौली पुलिस ने वाहन चालकों से निर्धारित पार्किंग स्थलों का ही इस्तेमाल करने, सड़क और मुख्य मार्ग पर वाहन खड़ा न करने तथा बैरियर, संकेतकों और ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों के निर्देशों का पालन करने की अपील की है। साथ ही एंबुलेंस, अग्निशमन और अन्य आपातकालीन सेवाओं के वाहनों को निर्बाध रास्ता देने का निर्देश दिया गया है।

 

Back to top button
error: Content is protected !!