
संवाददाता-बाबू चौहान
चंदौली। शहाबगंज क्षेत्र के कौड़िहार गांव में सोमवार की रात सर्पदंश से एक गर्भवती भैंस की मौत हो गई। भैंस के साथ उसके पेट में पल रहे बच्चे की भी जान चली गई। घटना से पशुपालक को करीब एक लाख रुपये का नुकसान हुआ है। पशुधन की क्षति से किसान के सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है।
कौड़िहार गांव निवासी हीरालाल यादव, पुत्र स्वर्गीय रामानंद यादव, खेती-बाड़ी के साथ पशुपालन कर अपने परिवार का भरण-पोषण करते हैं। उन्होंने बताया कि रोज की तरह उनकी भैंसें घर के बगल में बनी मढ़ई में बंधी थीं। सोमवार की रात करीब 2:30 बजे एक सांप ने गर्भवती भैंस के मुंह के पास डस लिया। कुछ ही देर में उसकी मौत हो गई।
हीरालाल के मुताबिक, भैंस गर्भवती थी और करीब 15 से 20 दिनों बाद बच्चे को जन्म देने वाली थी। परिवार को उम्मीद थी कि प्रसव के बाद पशुपालन से होने वाली आमदनी में मदद मिलेगी, लेकिन हादसे ने उनकी उम्मीदों पर पानी फेर दिया। भैंस के साथ गर्भ में पल रहे बच्चे की भी मौत हो गई। मढ़ई में अन्य भैंसें भी बंधी थीं, लेकिन सर्पदंश की घटना में केवल एक भैंस की जान गई।

