
चंदौली। बेसिक शिक्षा विभाग के तत्वावधान में शिक्षक दिवस के अवसर पर कलेक्ट्रेट सभागार में जिला स्तरीय शिक्षक सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। समारोह में शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले 113 शिक्षकों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में सैयदराजा विधायक सुशील सिंह, चकिया विधायक कैलाश खरवार और पीडीडीयू नगर विधायक रमेश जायसवाल ने शिक्षकों के योगदान की सराहना करते हुए उन्हें बच्चों के भविष्य निर्माण का महत्वपूर्ण आधार बताया।
समारोह के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ लखनऊ से वर्चुअल माध्यम से कार्यक्रम से जुड़े और प्रदेश भर के शिक्षकों का मार्गदर्शन किया। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ‘ऑपरेशन कायाकल्प’ के तहत परिषदीय विद्यालयों को आधुनिक सुविधाओं से लैस कर रही है, जिससे ग्रामीण क्षेत्रों के बच्चों को भी बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराया जा सके।

सैयदराजा विधायक सुशील सिंह ने कहा कि पिछले कुछ वर्षों में प्रदेश की प्राथमिक शिक्षा व्यवस्था में व्यापक बदलाव आया है। इसका श्रेय समर्पित शिक्षकों को देते हुए उन्होंने कहा कि परिषदीय विद्यालय बुनियादी सुविधाओं और शिक्षा के स्तर पर निजी विद्यालयों को टक्कर दे रहे हैं। स्मार्ट क्लास और डिजिटल माध्यमों के उपयोग से ग्रामीण बच्चों को नई संभावनाएं मिल रही हैं। उन्होंने शिक्षकों को समाज के शिल्पकार बताते हुए कहा कि शिक्षक का सम्मान पूरे समाज का सम्मान है।
चकिया विधायक कैलाश खरवार ने अपने पूर्व शिक्षक जीवन का उल्लेख करते हुए कहा कि शिक्षक का जीवन साधना के समान है। उन्होंने कहा कि परिषदीय विद्यालयों के शिक्षक घर-घर जाकर बच्चों का नामांकन कराने के साथ उनकी खेल प्रतिभाओं को भी निखार रहे हैं। उनकी मेहनत से सरकारी विद्यालयों के प्रति अभिभावकों का विश्वास मजबूत हुआ है।

पीडीडीयू नगर विधायक रमेश जायसवाल ने कहा कि सरकार डीबीटी के माध्यम से विद्यार्थियों को यूनिफॉर्म, जूते-मोजे, बैग और पुस्तकों के लिए धनराशि सीधे खातों में भेज रही है। उन्होंने शिक्षकों से बच्चों को किताबी ज्ञान के साथ नैतिक मूल्यों और खेलकूद में भी आगे बढ़ाने का आह्वान किया।
समारोह में उत्कृष्ट शिक्षण एवं नवाचार के लिए 16, सर्वाधिक छात्र नामांकन अभियान के लिए 59, खेल एवं सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों के लिए 27 तथा माध्यमिक शिक्षा विभाग के 11 शिक्षकों को सम्मानित किया गया। अंत में बेसिक शिक्षा अधिकारी सचिन कुमार ने जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और सम्मानित शिक्षकों के प्रति आभार व्यक्त किया।

