
चंदौली। बलुआ थाना क्षेत्र के चहनियां कस्बे में उचक्कों का आतंक बढ़ता जा रहा है। पुलिस गिरोह पर नकेल नहीं कस पा रही। शुक्रवार को मीरा देवी पत्नी राजेंद्र, निवासी हरधनजूड़ा, सकलडीहा से अपने घर लौट रही थीं। चहनियां चौराहे से बलुआ रोड पर महज 10 मीटर की दूरी तय करते ही उचक्कों ने उन्हें जाल में फंसा लिया। पावरहाउस के पास टेंपो स्टैंड तक पहुंचते-पहुंचते उचक्के उनके सोने के कानफूल, मंगलसूत्र और चांदी की पायल उतरवाकर फरार हो गए।
पीड़िता ने घटना की लिखित तहरीर बलुआ पुलिस को दी है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि पुलिस सीसीटीवी कैमरों की सही ढंग से जांच करे तो उचक्के गिरफ्त में आ सकते हैं। हाल के दिनों में इसी तरह की कई घटनाएं सामने आई हैं। एक माह पूर्व हिगुतरगढ़ की एक महिला के साथ भी चहनियां कस्बे में उचक्कों ने गहने व नकदी लूट ली थी। लोगों ने पुलिस अधीक्षक से ऐसी घटनाओं पर रोक लगाने की मांग की है।

