चंदौली। मुहर्रम पर्व के शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित आयोजन को देखते हुए जनपद चंदौली में विशेष यातायात डायवर्जन व्यवस्था लागू की गई है। पुलिस प्रशासन द्वारा जारी आदेश के अनुसार यह व्यवस्था 26 जून दोपहर 12 बजे से 27 जून रात्रि 2 बजे तक प्रभावी रहेगी। इस दौरान भारी और मालवाहक वाहनों के आवागमन पर विभिन्न मार्गों पर प्रतिबंध लगाया गया है तथा वैकल्पिक मार्ग निर्धारित किए गए हैं।
यातायात व्यवस्था के तहत चकिया तिराहा (गंजी प्रसाद तिराहा) से वाराणसी की ओर जाने वाले पिकअप, मैजिक, डीसीएम और अन्य मालवाहक वाहनों को डायवर्ट कर गोधना चौराहे से एनएच-19 के रास्ते वाराणसी भेजा जाएगा। इसी प्रकार कोयला मंडी क्षेत्र में 26 जून दोपहर 2 बजे से 27 जून रात्रि 2 बजे तक नो-एंट्री लागू रहेगी। इस दौरान कोई भी ट्रक या भारी वाहन पड़ाव चौराहे की ओर नहीं जा सकेगा।
पुलिस प्रशासन ने कटरिया (लंका मैदान) और कटेसर नो-एंट्री प्वाइंट पर भी 26 जून शाम 6 बजे से 27 जून रात्रि 2 बजे तक भारी वाहनों के प्रवेश पर रोक लगा दी है। इन मार्गों से भी ट्रक और अन्य बड़े वाहन पड़ाव चौराहे की ओर नहीं जा सकेंगे।
इसके अतिरिक्त चंदौली की ओर से सारनाथ, एयरपोर्ट, जौनपुर, गाजीपुर और आजमगढ़ जाने वाले चार पहिया एवं मालवाहक वाहनों को रिंग रोड (पचफेड़वा) के माध्यम से अपने गंतव्य तक जाने की सलाह दी गई है। वहीं गोधना चौराहे से भी शाम 6 बजे के बाद कोई भारी वाहन चकिया तिराहे की ओर नहीं जा सकेगा। वाराणसी जाने वाले वाहनों को एनएच-19 के माध्यम से भेजा जाएगा।
पुलिस प्रशासन ने आम नागरिकों और वाहन चालकों से अपील की है कि वे निर्धारित यातायात व्यवस्था का पालन करें तथा वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करें। प्रशासन का कहना है कि इस व्यवस्था का उद्देश्य मुहर्रम के दौरान यातायात को सुचारु बनाए रखना और श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करना है। नियमों का पालन कर नागरिक प्रशासन का सहयोग करें ताकि पर्व शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न हो सके।

