
चंदौली। मुगलसराय पुलिस, एसओजी और सर्विलांस टीम ने सेल्समैन से हुई लूट की घटना का सफल अनावरण करते हुए 25 हजार रुपये के इनामी वांछित आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से लूट की रकम में से 2,200 रुपये नकद, चोरी की मोटरसाइकिल, .315 बोर का अवैध तमंचा, एक जिंदा कारतूस और सैमसंग मोबाइल फोन बरामद किया है।
पुलिस के अनुसार, 21 मई को शक्ति इंटरप्राइजेज, जतनबर, वाराणसी का सेल्समैन पड़ाव से बहादुरपुर क्षेत्र की दुकानों से कलेक्शन कर नकदी बैग में रखकर मोपेड से भोजपुर की ओर गया था। भोजपुर से वाराणसी लौटते समय चौरहट गांव के मुख्य मार्ग पर दो मोटरसाइकिलों से पहुंचे करीब पांच बदमाशों ने उसे धक्का देकर गिरा दिया और नकदी से भरा बैग लूटकर पड़ाव की ओर फरार हो गए। पीड़ित की तहरीर पर मुगलसराय थाने में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई थी। मामले में चार आरोपियों को पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है, जबकि फरार आरोपी हरीश पाण्डेय पर पुलिस अधीक्षक ने 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था।
पुलिस के मुताबिक गुरुवार की रात मुखबिर की सूचना पर मुगलसराय पुलिस, एसओजी और सर्विलांस टीम ने एम्बीशन स्कूल के पास घेराबंदी कर हरीश पाण्डेय को गिरफ्तार किया। तलाशी में उसके पास से लूट की शेष रकम 2,200 रुपये, चोरी की मोटरसाइकिल संख्या UP65 BU 2554, .315 बोर का तमंचा, जिंदा कारतूस और सैमसंग मोबाइल बरामद हुआ।
पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि उसने पांच अन्य साथियों के साथ मिलकर चौरहट के पास सेल्समैन की रेकी की थी। इसके बाद पीछे से धक्का देकर उसे गिराया और बैग में रखे 1.34 लाख रुपये लूट लिए थे। रकम सभी आरोपियों में बांटी गई थी और उसके हिस्से में 17 हजार रुपये आए थे। पुलिस के अनुसार, बरामद 2,200 रुपये उसी लूट की शेष रकम है, जबकि बाकी धनराशि आरोपी ने खर्च कर दी।
आरोपी की पहचान हरीश पाण्डेय (26) निवासी हरिहरपुर, थाना रोहनिया, वाराणसी के रूप में हुई है। उसके खिलाफ मुगलसराय और रोहनिया थानों में तीन मुकदमे दर्ज बताए गए हैं। बरामदगी के आधार पर मुगलसराय थाने में बीएनएस की धारा 317(2) और आर्म्स एक्ट की धारा 3/25 के तहत अलग मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।

