
चंदौली। महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ के 48वें दीक्षांत समारोह में चंदौली जनपद के बहेरी गांव निवासी राज सिंह यादव ने अपनी शैक्षणिक प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन करते हुए एमसीए (मास्टर ऑफ कंप्यूटर एप्लीकेशन) में सर्वोच्च अंक प्राप्त किए। उनकी इस उत्कृष्ट उपलब्धि पर उन्हें महामहिम राज्यपाल द्वारा दो स्वर्ण पदकों से सम्मानित किया गया। इस सम्मान के बाद पूरे चंदौली जिले में खुशी का माहौल है और उन्हें लगातार बधाइयां मिल रही हैं।
राज सिंह यादव को पहला स्वर्ण पदक महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ की ओर से तथा दूसरा सीताराम जिंदल फाउंडेशन की ओर से प्रदान किया गया। यह सम्मान उनके उत्कृष्ट शैक्षणिक प्रदर्शन और विश्वविद्यालय में सर्वोच्च अंक प्राप्त करने के लिए दिया गया।
राज सिंह यादव एक साधारण किसान परिवार से आते हैं। उनके पिता प्रदीप यादव खेती-किसानी कर परिवार का भरण-पोषण करते हैं। सीमित संसाधनों के बावजूद राज सिंह ने अपनी मेहनत, लगन और अनुशासन के बल पर यह मुकाम हासिल किया। उनकी प्रारंभिक शिक्षा हरिद्वार राय इंटर कॉलेज, कमालपुर (चंदौली) से हुई, जहां उन्होंने इंटरमीडिएट परीक्षा में जिले के टॉप-10 मेधावी छात्रों में स्थान बनाकर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया था।
इसके बाद उन्होंने महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ से बीएससी, बीएड और एमसीए की पढ़ाई पूरी की। छात्र जीवन के दौरान वे छात्र राजनीति में भी सक्रिय रहे, लेकिन सामाजिक और संगठनात्मक गतिविधियों के साथ-साथ उन्होंने अपनी पढ़ाई पर भी पूरा ध्यान केंद्रित रखा। इसी संतुलन का परिणाम है कि उन्होंने विश्वविद्यालय में सर्वोच्च स्थान हासिल कर दो स्वर्ण पदक अपने नाम किए।
राज सिंह यादव की इस उपलब्धि को न केवल उनके परिवार, बल्कि पूरे चंदौली जनपद के लिए गर्व का विषय माना जा रहा है। उनकी सफलता पर महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ के कुलपति प्रो. आनंद त्यागी, समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता मनोज सिंह ‘काका‘, हरिद्वार राय इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य राम प्रताप राय, विपिन यादव ‘विक्कू’, ग्राम प्रधान जगमेंद्र यादव, दयाराम यादव, डॉ. संतोष यादव, राहुल यादव सहित अनेक शिक्षाविदों, जनप्रतिनिधियों और गणमान्य नागरिकों ने उन्हें शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

