चंदौली। जिले में पड़ रही करीब 45 डिग्री सेल्सियस की भीषण गर्मी के बीच बिजली संकट ने लोगों की मुश्किलें और बढ़ा दी हैं। उतरौत फीडर से जुड़ी दर्जनों गांवों में बीते कई दिनों से बिजली आपूर्ति बुरी तरह प्रभावित है। स्थिति यह है कि सोमवार की सुबह करीब 11 बजे से बिजली आपूर्ति ठप रही। जिससे ग्रामीण उमस और गर्मी से बेहाल हो गए।
स्थानीय लोगों के अनुसार, दिन और रात दोनों समय अनियमित बिजली कटौती जारी है। सुबह करीब 10 बजे के बाद से शाम तक अधिकांश समय बिजली गायब रहती है, जबकि रात में भी घंटों की कटौती से लोगों की नींद प्रभावित हो रही है। लगातार बिजली संकट के चलते गांवों में जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है।
ग्रामीणों का कहना है कि भीषण गर्मी में बिजली न मिलने से बच्चों, बुजुर्गों और मरीजों को सबसे ज्यादा परेशानी झेलनी पड़ रही है। पेयजल आपूर्ति भी प्रभावित हो रही है, जिससे स्थिति और गंभीर हो गई है। लोगों ने आरोप लगाया कि बिजली विभाग के अधिकारी और कर्मचारी शिकायतों के बावजूद संतोषजनक जवाब नहीं दे रहे हैं। वहीं, बिजली मंत्री के सख्त निर्देशों के बावजूद उतरौत फीडर की आपूर्ति व्यवस्था सुधर नहीं पा रही है, जिससे विभागीय लापरवाही पर सवाल खड़े हो रहे हैं।
लगातार बिजली संकट से परेशान ग्रामीणों में आक्रोश बढ़ता जा रहा है। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही आपूर्ति व्यवस्था में सुधार नहीं किया गया तो वे चकिया उपकेंद्र और अधिशासी अभियंता (एक्सईएन) कार्यालय का घेराव करेंगे और उग्र आंदोलन करेंगे। इस संबंध में एक्सईएन ने बताया कि इसके बाबत जानकारी नहीं है। संबंधित अधिकारियों को निर्देशित कर समस्या का समाधान कराया जाएगा।

