
चंदौली। चहनियां क्षेत्र के नौदर गांव स्थित खेल मैदान में युवा लोकमंगल दल सपोर्टिंग क्लब के तत्वावधान में रविवार रात भव्य वालीबॉल प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में विभिन्न गांवों की कुल 14 टीमों ने हिस्सा लिया, जहां खिलाड़ियों ने शानदार खेल कौशल का प्रदर्शन करते हुए दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया। मुकाबलों के दौरान खेल मैदान तालियों और उत्साहवर्धन से गूंजता रहा।
प्रतियोगिता का उद्घाटन मोहरगंज चौकी इंचार्ज सुरेश सिंह और प्रधान प्रतिनिधि रमेश यादव ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर किया। उद्घाटन मैच बुद्धपुर और हृदयपुर की टीमों के बीच खेला गया। मुकाबला बेहद रोमांचक रहा, जिसमें बुद्धपुर की टीम ने बेहतर प्रदर्शन करते हुए हृदयपुर को 2-1 से हराकर जीत दर्ज की।
दूसरा मुकाबला मोहरगंज और रसूलपुर के बीच खेला गया। दोनों टीमों के खिलाड़ियों ने शानदार खेल का प्रदर्शन किया, लेकिन अंत में रसूलपुर की टीम ने 21 के मुकाबले 25 अंक हासिल कर जीत अपने नाम कर ली। तीसरे मैच में रईया और हृदयपुर की टीम आमने-सामने थीं। इस मुकाबले में भी खिलाड़ियों ने जीत के लिए जोरदार संघर्ष किया, लेकिन रईया की टीम ने बेहतर तालमेल और आक्रामक खेल के दम पर 15-10 से जीत हासिल कर ली।
प्रतियोगिता में खिलाड़ियों ने दमखम और खेल भावना का शानदार परिचय दिया। सभी टीमों को पीछे छोड़ते हुए हैदर स्पोर्टिंग क्लब नौदर की टीम विजेता बनी, जबकि रसूलपुर की टीम उपविजेता घोषित की गई। विजेता और उपविजेता टीमों को अतिथियों द्वारा ट्रॉफी देकर सम्मानित किया गया।
प्रतियोगिता के दौरान अरुण कुमार यादव, अंबिका प्रजापति, देवानंद यादव, सलीम खान, उमेश राय, हारुल, प्रमोद राय, नीलेश यादव, पप्पू यादव, प्रशांत शर्मा और तरुण शर्मा सहित बड़ी संख्या में खेल प्रेमी उपस्थित रहे। रेफरी की भूमिका प्रमोद मौर्य और रोशन यादव ने निभाई। कार्यक्रम का संचालन सुरेश मौर्या ने किया, जबकि कमेंट्री लंकेश त्रिपाठी द्वारा की गई।

