
चंदौली। धानापुर थाना क्षेत्र के नौली गांव में सोमवार शाम खेत की जुताई के दौरान युवक की रोटावेटर की चपेट में आने से मौके पर ही मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और मामले की जांच शुरू कर दी है।
मृतक की शिनाख्त तोरवा गांव निवासी स्वर्गीय शमशेर सिंह के 30 वर्षीय पुत्र नीलेश सिंह उर्फ पंकज सिंह के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, नौली गांव निवासी दीपक सिंह ‘मटरू’ के ट्रैक्टर से खेत की जुताई की जा रही थी, जिसे तोरवा निवासी हरिमोहन सिंह चला रहे थे। इसी दौरान ट्रैक्टर पर बैठे पंकज सिंह अचानक नीचे गिर पड़े और पीछे चल रहे रोटावेटर की चपेट में आ गए। हादसा इतना भीषण था कि उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
बताया गया कि पंकज सिंह तीन भाइयों में सबसे छोटे थे। उनके दोनों बड़े भाई बाहर नौकरी करते हैं, जबकि वह घर पर रहकर खेती-बाड़ी की जिम्मेदारी संभालते थे। कुछ माह पूर्व ही उनके दूसरे भाई का विवाह हुआ था।
घटना की सूचना मिलते ही थाना प्रभारी त्रिवेणी लाल सेन पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। तेज बारिश और खेत में पानी भर जाने के कारण शव निकालने में काफी मशक्कत करनी पड़ी। पुलिस ने शव को बाहर निकालकर पंचनामा की कार्रवाई पूरी की और पोस्टमार्टम के लिए जिला चिकित्सालय भेज दिया।
थाना प्रभारी त्रिवेणी लाल सेन ने बताया कि प्रारंभिक जांच में ट्रैक्टर से गिरने के बाद युवक के रोटावेटर की चपेट में आने से मौत होने की बात सामने आई है। पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

