ख़बरेंचंदौली

Chandauli News: हाईवे के ढाबों पर नहीं बिकेंगे नानवेज, सावन से पहले खाद्य सुरक्षा विभाग का सख्त अभियान, चंदौली में फैक्ट्रियों और हाईवे के ढाबों पर छापेमारी

चंदौली। आगामी सावन माह और कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को शुद्ध एवं सुरक्षित खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराने के उद्देश्य से खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग ने जनपद में व्यापक जांच अभियान शुरू कर दिया है। आयुक्त, खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन तथा जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग के निर्देश पर चलाए जा रहे इस अभियान के तहत बुधवार को औद्योगिक क्षेत्र और राष्ट्रीय राजमार्ग स्थित प्रतिष्ठानों पर सघन छापेमारी की गई। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि श्रद्धालुओं की सेहत से किसी भी प्रकार का खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और मिलावटखोरों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

सहायक आयुक्त (खाद्य)-द्वितीय धीरेंद्र प्रताप सिंह के नेतृत्व में खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने इंडस्ट्रियल एरिया फेज-1 स्थित कई खाद्य प्रतिष्ठानों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान गणेश कंज्यूमर प्रोडक्ट्स से सूजी, गेहूं का आटा, गेहूं का दलिया, बेसन, सत्तू और मैदा के नमूने लिए गए। वहीं बिंदु एग्रो इंडस्ट्रीज से मक्का की सूजी और मक्का के आटे के नमूने संग्रहित किए गए। सभी नमूनों को गुणवत्ता परीक्षण के लिए प्रयोगशाला भेज दिया गया है। अधिकारियों ने बताया कि जांच रिपोर्ट आने के बाद यदि किसी प्रकार की गड़बड़ी पाई जाती है तो संबंधित प्रतिष्ठानों के खिलाफ नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

 

अभियान के दौरान राष्ट्रीय राजमार्ग पर संचालित होटलों और ढाबों का भी गहन निरीक्षण किया गया। विभाग ने सभी होटल एवं ढाबा संचालकों को साफ-सफाई की उच्च स्तरीय व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए। साथ ही सावन माह के दौरान किसी भी प्रकार के मांसाहारी खाद्य पदार्थों की बिक्री नहीं करने की सख्त हिदायत दी गई है, ताकि धार्मिक आस्था का सम्मान सुनिश्चित किया जा सके।

ग्राहकों की सुविधा और पारदर्शिता बढ़ाने के लिए खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग ने होटलों और ढाबों पर फीडबैक एवं शिकायत संबंधी क्यूआर कोड/स्टीकर भी लगवाने शुरू कर दिए हैं। इन क्यूआर कोड को स्कैन कर ग्राहक सीधे विभाग तक अपनी शिकायत, सुझाव या संतुष्टि दर्ज करा सकेंगे। इससे खाद्य प्रतिष्ठानों की निगरानी और शिकायतों के त्वरित निस्तारण में मदद मिलेगी।

 

विभाग ने स्पष्ट किया कि सावन माह और कांवड़ यात्रा के दौरान खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए यह विशेष अभियान लगातार जारी रहेगा। छापेमारी अभियान में मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी कमल निवास त्रिपाठी, खाद्य सुरक्षा अधिकारी अरविंद कुमार और रणधीर सिंह यादव सहित विभागीय अधिकारी मौजूद रहे।

 

 

Back to top button
error: Content is protected !!