
चंदौली। मुगलसराय कोतवाली क्षेत्र के काली महाल स्थित चारमारी पोखरा में रविवार को नर कंकाल मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। आबादी के बीच स्थित तालाब से मानव कंकाल बरामद होने की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौके पर जुट गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने कंकाल को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
काली महाल स्थित चारमारी पोखरा के आसपास पिछले कुछ वर्षों में बड़ी संख्या में मकानों का निर्माण हो चुका है। इसके बावजूद तालाब के कुछ हिस्सों में लोगों का आना-जाना अपेक्षाकृत कम रहता है। रविवार सुबह जब कुछ स्थानीय लोग तालाब की ओर गए तो उन्होंने पानी में एक नरमुंड तैरता हुआ देखा। यह दृश्य देखते ही क्षेत्र में हड़कंप मच गया और देखते ही देखते मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई।
घटना की सूचना पुलिस को दी गई, जिसके बाद मुगलसराय कोतवाली पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से तालाब की तलाशी कराई। तलाशी के दौरान पानी से एक नर कंकाल बरामद किया गया। पुलिस ने कंकाल को बाहर निकलवाकर कब्जे में लिया और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
फिलहाल मृतक की पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस यह भी स्पष्ट नहीं कर पाई है कि बरामद कंकाल किसी पुरुष का है या महिला का। पहचान और मौत के कारणों का पता लगाने के लिए फोरेंसिक एवं पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।
घटना के बाद क्षेत्र में विभिन्न प्रकार की चर्चाएं शुरू हो गई हैं। कुछ स्थानीय लोगों ने आशंका जताई है कि किसी व्यक्ति की हत्या कर शव को तालाब में फेंका गया हो सकता है। हालांकि पुलिस ने अभी किसी भी संभावना की पुष्टि नहीं की है और जांच के बाद ही वास्तविक स्थिति स्पष्ट होने की बात कही है।
इस संबंध में क्षेत्राधिकारी मुगलसराय अरूण कुमार सिंह ने बताया कि चारमारी पोखरा से एक नर कंकाल बरामद हुआ है। उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। पुलिस आसपास के क्षेत्रों से गुमशुदगी के मामलों की भी जानकारी जुटा रही है ताकि मृतक की पहचान सुनिश्चित की जा सके।

