चंदौलीराज्य/जिला

साइकिल सवार हत्याकांड का 24 घंटे में पर्दाफाश, बिहार का शूटर मुठभेड़ में गिरफ्तार, दोनों पैरों में लगी गोली

चंदौली। अलीनगर थाना पुलिस और स्वाट/सर्विलांस टीम की संयुक्त कार्रवाई में साइकिल सवार युवक की हत्या के मामले का महज 24 घंटे के भीतर सफल अनावरण कर दिया गया। पुलिस ने इस सनसनीखेज हत्याकांड में शामिल एक शातिर शूटर को मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार कर लिया, जबकि उसका एक साथी अभी फरार है जिसकी तलाश में पुलिस टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।

6 जून  को अशोक कुमार खरवार ने अलीनगर थाने में तहरीर देकर बताया कि उनके भाई मनोज कुमार (38 वर्ष) सुबह काम पर जाने के लिए घर से निकले थे। दोपहर में सूचना मिली कि पटपरा गांव के पास अज्ञात बदमाशों ने गोली मारकर उनकी हत्या कर दी है। तहरीर के आधार पर पुलिस ने हत्या का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की। मुखबिर की सूचना के आधार पर पुलिस ने मामले में शामिल बिहार के भोजपुर निवासी शूटर सूरज उर्फ राजेश यादव को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस के अनुसार, हत्या में प्रयुक्त हथियार की बरामदगी के लिए ले जाते समय आरोपी ने पहले से लोडेड पिस्टल निकालकर पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी और भागने का प्रयास किया। आत्मरक्षा में पुलिस द्वारा की गई जवाबी कार्रवाई में आरोपी के दोनों पैरों में गोली लगी, जिससे वह घायल हो गया। उसे तत्काल अस्पताल भेजकर उपचार कराया जा रहा है।

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से हत्या में प्रयुक्त अवैध हथियार भी बरामद कर लिया है। पूछताछ और विवेचना के दौरान पुलिस को हत्याकांड के मुख्य साजिशकर्ताओं तथा फरार दूसरे शूटर के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी मिली है। पुलिस फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार प्रयास कर रही है।

Back to top button
error: Content is protected !!