ख़बरेंचंदौली

Chandauli News: माइनर में बोरे में मिले दो युवकों के शव, इलाके में सनसनी, हत्या कर शव फेंके जाने की आशंका, जांच में जुटी पुलिस

चंदौली। धीना थाना क्षेत्र के डेढ़गांवा के पास गुरुवार सुबह माइनर में बोरे में बंद दो अज्ञात युवकों के शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। दोनों युवकों की उम्र करीब 30 से 40 वर्ष के बीच बताई जा रही है। प्रथम दृष्टया शवों को किसी दूसरे स्थान से लाकर यहां फेंके जाने की आशंका जताई जा रही है। घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी।

 

गुरुवार सुबह कुछ ग्रामीण गांव के बाहर शौच के लिए निकले थे। इसी दौरान उनकी नजर माइनर में पड़े संदिग्ध बोरों पर पड़ी। बोरों को देखकर ग्रामीणों को शक हुआ, जिसके बाद उन्होंने तत्काल पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलने पर डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची। ग्रामीणों की मौजूदगी में बोरों को खुलवाया गया तो उनके अंदर दो युवकों के शव मिले। यह देखकर मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई और क्षेत्र में सनसनी फैल गई।

 

शवों की पहचान कराने में जुटी पुलिस

इस संबंध में धीना थाना प्रभारी त्रिवेणी लाल सेन ने बताया कि प्रथम दृष्टया प्रतीत हो रहा है कि दोनों शवों को किसी अन्य स्थान से लाकर माइनर में फेंका गया है। पुलिस ने दोनों शवों को अपने कब्जे में लेकर उनकी पहचान कराने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।

 

दोनों युवकों की पहचान और उनकी मौत के कारणों का पता लगाने के लिए पुलिस मामले की जांच कर रही है। हत्या कर शवों को ठिकाने लगाने की आशंका भी जताई जा रही है, हालांकि इस संबंध में अभी कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस की जांच और आगे की कानूनी कार्रवाई के बाद ही घटना की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

गोली मारकर अथवा धारदार हथियार से हत्या की आशंका

एसपी आकाश पटेल ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। मौके पर फॉरेंसिक टीम, डॉग स्क्वॉड व सर्विलांस टीम ने साक्ष्य संकलन किया। शवों की शिनाख्त के प्रयास और अग्रिम विधिक कार्रवाई में पुलिस जुटी रही। पुलिस के अनुसार प्रथमदृष्टया गोली मारकर अथवा धारदार हथियार से हत्या प्रतीत हो रही है।

Back to top button
error: Content is protected !!