ख़बरेंचंदौली

Chandauli News: पवनचक्की का हिस्सा गिरने से युवक की मौत, गांव में पसरा मातम

चंदौली। जिले के नसरथा ग्राम पंचायत के हथेड़ा पीढ़ियापर गांव निवासी युवक की कर्नाटक में मजदूरी के दौरान हुए दर्दनाक हादसे में मौत हो जाने से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है। मृतक अपने परिवार का इकलौता पुत्र था। घटना की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया और गांव में मातम का माहौल है।

 

पीढ़ियापर निवासी बिलास राजभर का पुत्र पंकज राजभर रोजी-रोटी की तलाश में कर्नाटक गया हुआ था। वह वहां एक निजी कंपनी में दैनिक मजदूरी पर कार्य कर रहा था। बताया जा रहा है कि शनिवार को कार्य के दौरान कंपनी परिसर में स्थापित एक पवनचक्की (विंड टरबाइन) के निकट खड़े होने के दौरान अचानक उसका एक भारी धातु का हिस्सा टूटकर नीचे गिर गया।

 

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, लोहे का भारी टुकड़ा सीधे पंकज के सिर पर आ गिरा, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे में कई अन्य मजदूरों के घायल होने की भी सूचना है। घटना के बाद कंपनी परिसर में अफरा-तफरी मच गई और घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया।

 

मृतक पंकज राजभर अपने माता-पिता की इकलौती संतान बताया जा रहा है। बेटे की मौत की खबर मिलते ही परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। गांव के लोगों ने बताया कि पंकज परिवार की आर्थिक स्थिति को मजबूत करने के लिए कम उम्र में ही घर से दूर मजदूरी करने गया था। उसकी असमय मौत से पूरे गांव में शोक व्याप्त है।

 

घटना के बाद ग्रामीणों और स्थानीय लोगों ने मजदूरों की सुरक्षा व्यवस्था तथा कंपनियों की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि कई कंपनियों में सुरक्षा मानकों की अनदेखी की जाती है, जिससे इस प्रकार की दुर्घटनाएं होती हैं। ग्रामीणों ने मृतक के परिवार को उचित मुआवजा, सरकारी सहायता और घटना की निष्पक्ष जांच की मांग की है।

 

गांव के लोगों का कहना है कि गरीब परिवारों के युवा रोजगार की तलाश में दूर-दराज राज्यों में काम करने जाते हैं, लेकिन दुर्घटना होने पर उनके परिवारों को पर्याप्त सहायता नहीं मिल पाती। उन्होंने सरकार और संबंधित प्रशासन से मांग की है कि मृतक के परिजनों को आर्थिक सहायता प्रदान की जाए तथा हादसे के लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

 

Back to top button
error: Content is protected !!